सीआईएनए, डेस्क। NDA की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू छत्तीसगढ़ आ रही हैं। 15 जुलाई को वे रायपुर पहुंचेंगी और यहां पर वे सांसदो व विधायकों के साथ बैठक करेंगी। द्रौपदी मुर्मू पहली बार छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रही हैं। वे यहां अपने लिए समर्थन जुटाएंगी। द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक बैठक भी हुई जिसमें पार्टी के दिग्गज नेता मौजूद रहे।

NDA की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर खास तैयारियां की जा रही है। प्रदेश भाजपा द्वारा उनके भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय, पूर्व CM डॉ रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक सिहत सभी दिग्गज नेता मौजूद रहे और तैयारियों की समीक्षा की गई।

यह है द्रौपदी मुर्मू का पूरा कार्यक्रम
तय कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू 15 जुलाई की सुबह रायपुर पहुंचेंगी। सुबह 11 बजे छत्‍तीसगढ़ के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक होगी। इस दौरान वे अपने लिए समर्थन की अपील करेंगी। छत्तीसगढ दौरे के बाद द्रौपदी मुर्मू मध्यप्रदेश के दौरे पर जाएंगी। मध्यप्रदेश में भी सांसदों व विधायकों से बैठक कर वोट अपील करेंगी।

18 जुलाई को होगा मतदान
बता दें 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान प्रस्तावित हैं। यहां एनडीए ने झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को अपना प्रत्याशी बनाया है तो विपक्ष ने टीएमसी नेता यशवंत सिन्हा को आपना साझा प्रत्याशी घोषित किया है। वोट प्रतिशत को देखें तो जिस प्रकार से एनडीए की प्रत्याशी को समर्थन मिल रहा है उससे उनकी जीत तय मानी जा रही है। मतदान प्रक्रिया को भी औपचारिक ही माना जा रहा है।