सीआईएनए, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में न्यू लाइफ स्पेशलिटी अस्पताल में लगी आग में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। बताया जा रहा है कि इस आग में 10 लोगों की मौत हो गई है। इस आग में आधा दर्जन से ज्यादा लोग झुलस भी चुके हैं। अपुष्ट सूत्रों के मुताबिक, इस आग में कई मरीज जिंदा जल गए हैं।

कड़ी मशक्कत के बाद फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पा लिया है। आग लगने से काफी देर तक अस्पताल में अफरातफरी का माहौल रहा।जबलपुर सीएसपी अखिलेश गौर ने मीडिया को जानकारी दी है कि अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। उन्होंने बताया कि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्होंने कहा कि आग भयानक थी। बचाव के लिए गई हमारी चार टीमें भी अस्पताल के अंदर फंस गईं। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतक के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि अस्पताल से करीब 7 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं।

अब तीन अन्य लोगों की मौत की भी खबर है। अस्पताल में कितने मरीज भर्ती थे, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। इस अस्पताल में करीब 100 लोगों का स्टाफ है। हालांकि, कुल मौतों को लेकर अभी संशय बना हुआ है। कहा जा रहा है कि अब हताहतों की संख्या बढ़ सकती है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि घटना का पता तब चला जब कुछ लोग दमोह नाका से निकल रहे थे और अस्पताल में आग लग गई। उस समय लोगों ने चीख-पुकार भी सुनी। इसके बाद इन लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल को सूचना दी। मगर, आग इतनी भीषण थी कि जब तक दमकल और पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आग चारों तरफ फैल चुकी थी।

बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि दमकल कर्मी इस पर काबू नहीं पा सके। अस्पताल में बिजली कनेक्शन काटा गया। इसके बाद इस भयानक आग पर काबू पाया जा सका।