कोरबा। आज सुबह कोरबा से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। रॉयल्स ट्रांसपोर्ट की लग्जरी स्लीपर कोच बस देर रात रायपुर से रेणुकूट जानें के लिए निकली थी। जो मड़ई के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना सुबह करीब 4 बजे हुई। इस हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 12 से अधिक घायल हैं। हादसा बांगो थाना क्षेत्र में हुआ। इस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुख व्यक्त कर मृतकों के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

आज सुबह कोरबा में बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई। जानकारी के अनुसार कोरबा के पौड़ी उपरेड़ा में नेशनल हाईवे-130 पर रायपुर से रेणुकूट जा रही रॉयल्स ट्रांसपोर्ट की लग्जरी बस सीजी 04 एमएम 3195 स्लीपर कोच सुबह करीब 4 बजे मड़ई के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। इसमें दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अधिक लोग घायल हो गए है।

बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। जिस समय यह हादसा हुआ तब ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे। घटना में तीन पुरुष, 2 महिलाएं और 2 बच्चों की मौत हो गई। वही 12 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम ने बांगों थाने में दुर्घटना की सूचना दी, जिसके बाद बांगों पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को कोरबा जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

एसपी संतोष सिंह ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई और कुल 3 लोग घायल हैं। इसमें से एक सामान्य रूप से और दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना सुबह 4 बजे के आसपास हुई। समान रूप से घायल व्यक्ति का इलाज पौड़ी अस्पताल में जबकि गंभीर रूप से अन्य दो को कोरबा जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना में मृतकों के परिवार जनों को आवश्यक सहयोग और घटना में घायलों के समुचित उपचार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। सीएम बघेल ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।