भिलाई। नगर पालिका परिषद जामुन में शुक्रवार को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का निर्वाचन संपन्न हुआ। जामुल पालिका में भारतीय जनता पार्टी के पार्षद ईश्वर ठाकुर अध्यक्ष बने। वहीं कांग्रेस पार्टी की सुनीता चेन्नेवार उपाध्यक्ष चुनी गई। इस तरह दुर्ग जिले के 4 निकायों में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जामुल पालिका में सफलता  मिली। हालांकि यहां भाजपा को उपाध्यक्ष न बना पाने का मलाल रहेगा। वहीं कांग्रेस ने यहां उपाध्यक्ष बनाकर भाजपा के पार्षदों में सेंधमारी कर दी। भाजपा के ईश्वर ठाकुर को कुल 12 वोट मिले और कांग्रेस की सरोजनी चंद्राकर को 8 वोट। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की सुनीता चेन्नेवार को 11 व भाजपा की सीमा यादव को 9 वोट मिले। इसी प्रकार अपील समिति के लिए कांग्रेस राम दुलार साहू व भाजपा के दीपक गुप्ता चुने गए।

इससे पहले नगर पालिका परिषद जामुल में पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। निर्वाचन अधिकारी ने जामुल पालिका के सभी निर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद पालिका परिसर में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हुई। भारतीय जनता पार्टी ने अध्यक्ष के लिए ईश्वर ठाकुर व उपाध्यक्ष के लिए सीमा यादव को अपना प्रत्याशी बनाया। वहीं कांग्रेस पार्टी ने भी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर क्रमशः सरोजिनी चंद्राकर व सुनीता चेन्नेवार को प्रत्याशी बनाया। जनता कांग्रेस के पार्षद दुर्गा वैष्णव ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा था। तय समय पर मतदान हुआ। मतदान के बाद निर्वाचन अधिकारी ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की घोषणा कर दी।

कांग्रेस को थी क्रॉस वोटिंग की उम्मीद
नगर पालिका परिषद जामुल में कांग्रेस पार्टी को क्रॉस वोटिंग की उम्मीद थी। इसी उम्मीद से कांग्रेस ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशियों को उतारा। माना जा रहा था कि भाजपा के कुछ पार्षद अध्यक्ष चयन को लेकर नाराज हैं और इस नाराजगी का फायदा कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग के रूप में मिलेगा। कांगेस पार्टी का आंकलन अध्यक्ष के लिए तो काम नहीं आया लेकिन इन्हें उपाध्यक्ष निर्वाचन में सफलता मिल गई। भाजपा की ओर से हुई क्रास वोटिंग का फायदा मिला और कांग्रेस सुनीता चेन्नेवार अध्यक्ष चुनी गई।

 

By admin