भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के चुनाव संपन्न होने के बाद शहर सरकार ने अब अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह संभाल ली है। महापौर नीरज पाल के पद ग्रहण करने से लेकर एमआईसी सदस्यों व जोन समिति के अध्यक्षों ने भी अपने अपने पद संभाल लिए हैं।

नगर निगम भिलाई में चुनकर आए युवा पार्षद और वरिष्ठ पार्षदों के तालमेल से बनी एमआईसी सदस्यों ने शहर के विकास को लेकर अपनी बात रखी है। एमआईसी सदस्यों का कहना है कि एकजुट होकर सभी भिलाई शहर का विकास करेंगे।

एमआईसी (MIC) के सदस्यों ने tirandaj.com को बताया कि वे किस तरह का विकास करेंगे और इनकी क्या सोच रहेगी। सभी का फोकस शहर के सर्वांगीण विकास पर दिखा।

निगम की इस नई एमआईसी की खासियत यह है कि इसमें अधिकतर युवा चेहरे हैं। 14 में से 11 सदस्य पहली बार एमआईसी में चुने गए। इनमें से 9 सदस्य ऐसे हैं जो पहली बार पार्षद चुने गए। आइए जानते हैं आखिर इन युवा पार्षदों का क्या है विजन?

  1. गफ्फार खान : वित्त, लेखा एवं अंकेक्षण विभाग

वित्त, लेखा एवं अंकेक्षण विभाग के प्रभारी बनाए गए मन्नान गफ्फार खान पहली बार निगम में चुनकर आए हैं। उन्हें शहर सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली हैं। उन्होंने कहा है कि पहले तो विभागीय कार्यप्रणाली को समझना है। उसके बाद हमारा प्रयास नगर निगम के वित्त लेखा एवं अंकेक्षण विभाग के कार्यों को अधिकारियों के सामंजस्य के साथ बेहतर तरीके से करना होगा।

  1. संदीप निरंकारी : सामान्य प्रशासन एवं विधाई कार्य

एमआईसी में सामान्य प्रशासन एवं विधाई कार्य विभाग की जिम्मेदारी वार्ड पांच से चुने गए पार्षद संदीप निरंकारी को मिली हैं। संदीप निरंकारी का कहना है कि उनके विभाग का कार्य विशेष तौर पर सामान्य प्रशासन का है। इसमें नगर निगम के कर्मचारियों के हितों से संबंधित कार्य है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में कर्मचारियों को मूलभूत सुविधाएं मिलें, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर जो भी कार्यवाही होगी वह की जाएगी।

  1. एकांश बंछोर : लोक कर विभाग

वार्ड क्रमांक-59 से चुने गए युवा पार्षद एकांश बंछोर को नगर निगम के एमआईसी में लोक कर विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। एकांश बंछोर का कहना है कि निगम क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी के कार्यों की जिम्मेदारी उन्हें मिली है।  नगर निगम के 70 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराना है। उनका एकमात्र लक्ष्य रहेगा कि लोगों को सड़क नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं होना पड़ेगा।

  1. केशव चौबे : जल कार्य विभाग

एमआईसी में जल कार्य विभाग की जिम्मेदारी वार्ड क्रमांक-16 सुपेला के पार्षद केशव चौबे को दी गई है। केशव चौबे कई बार पार्षद रह चुके हैं। जल कार्य के विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद कैशव चौबे ने कहा कि निगम क्षेत्र में कहीं पर भी पानी की समस्या ना हो इस पर ध्यान देना है। अभी भी कई क्षेत्रों में नल कनेक्शन नहीं पहुंचा है। 100 फ़ीसदी लोगों के घर नल लगे और उन्हें पानी की समस्या ना हो इसे प्राथमिकता से किया जाएगा।

  1. सीजू एंथोनी : राजस्व विभाग

वार्ड क्रमांक-70 से पार्षद सीजू एंथोनी को नगर निगम में राजस्व विभाग की जिम्मेदारी दी गई हैं। सीजू एंथोनी निगम के वरिष्ठ पार्षदों में शामिल है। इससे पहले भी वह एमआईसी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। राजस्व विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने कहा कि पहले विभाग संबंधित जानकारी लेंगे उसके बाद सही सोच के साथ काम करेंगे।

  1. लक्ष्मीपति राजू : लोक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग

एमआईसी में लोक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग की जिम्मेदारी वार्ड क्रमांक-66 से पार्षद लक्ष्मीपति राजू को दी गई है। लक्ष्मीपति राजू भी नगर निगम भिलाई के वरिष्ठ पार्षदों की श्रेणी में आते हैं। लक्ष्मीपति का कहना है कि पूरे निगम क्षेत्र में सफाई को लेकर बेहतर कार्य किया जाएगा। डोर टू डोर कचरा संग्रहण से लेकर सड़क व नाली की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वच्छता रैंकिंग मैं भिलाई को आगे लाने सभी प्रयास किए जाएंगे।

  1. लालचंद वर्मा : अग्निशमन विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग

पार्षद लालचंद वर्मा को निगम के एमआईसी में अग्निशमन विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग का प्रभारी बनाया गया है। लाल चंद वर्मा इससे पहले भी पार्षद रह चुके हैं। उन्होंने अपना विजन बताते हुए कहा कि निगम क्षेत्र में विभाग से संबंधित कार्यों को बेहतर करना है। वाहनों की उपलब्धता से लेकर यांत्रिकी विभाग की समस्याओं को सुलझाने पर उनका फोकस रहेगा।

  1. चंद्रशेखर गवई : गरीबी उपशमन एवं सामाजिक कल्याण विभाग

वार्ड क्रमांक-10 लक्ष्मी नगर से पार्षद चुने गए चंद्रशेखर गवई को एमआईसी में गरीबी उपशमन एवं सामाजिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। चंद्रशेखर गवई का कहना है कि उन्हें जिस विभाग की जिम्मेदारी दी गई है उसकी डिमांड के अनुसार काम करना है। सामाजिक कल्याण की दिशा में निगम की विभिन्न योजनाओं को क्रियान्वित करना है और लोगों तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी रहेगी।

  1. मीरा बंजारे : महिला एवं बाल विकास विभाग

महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रभारी पार्षद मीरा बंजारे को बनाया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद मीरा बंजारे ने कहा कि उनका लक्ष्य निगम क्षेत्र में महिलाओं के स्वावलंबन की दिशा में कार्य करना रहेगा। स्व सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को अधिक से अधिक योजनाओं की जानकारी पहुंचाते हुए महिलाओं को लाभ देना ही उनका लक्ष्य रहेगा।

  1. मालती ठाकुर : अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग

निगम के एमआईसी में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग की प्रभारी बनाई गई मालती ठाकुर ने कहा है कि विभाग से संबंधित जानकारी जुटा रही हैं। पहली बार पार्षद बनने के बाद एमआईसी में काम करने का मौका मिला है। यही सोच है कि अच्छे से अच्छा काम हो जिस विभाग की जिम्मेदारी मिली हैं उस विभाग से संबंधित समस्याओं का निराकरण व योजनाओं का क्रियान्वयन पहली प्राथमिकता रहेगी।

  1. आदित्य सिंह : शिक्षा, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग

वार्ड क्रमांक 7 राधिका नगर से पार्षद चुने गए आदित्य सिंह को एमआईसी में शिक्षा, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग का प्रभारी बनाया गया है। अपने विभाग को लेकर आदित्य सिंह का कहना है कि जिम्मेदारी मिलने के बाद से ही इस दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। आदित्य सिंह का कहना है कि निगम क्षेत्र में जरूरत के अनुसार शासकीय स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूलों को शुरू करना है। वही जरूरत के अनुसार वार्डों में खेल परिसर के निर्माण कराए जाएंगे ताकि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी बेहतर माहौल मिल सके।

  1. नेहा साहू : पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग

वार्ड क्रमांक 21 कैलाश नगर से पार्षद चुनी गई नेहा साहू को पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग का प्रभारी बनाया गया है। नेहा साहू का कहना है कि विकास हमारी पहली प्राथमिकता है। पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग की जिम्मेदारी मिली है। तो इस क्षेत्र में बेहतर काम करना है कोशिश रहेगी कि निगम क्षेत्र के उद्यानों का रखरखाव बेहतर तरीके से हो। जहां तक संभावना हो वहां नए उद्यान बनाए जाएं और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य किया जाए।

  1. रीता गेरा : संस्कृति पर्यटन मनोरंजन एवं विरासत संरक्षण विभाग

पार्षद रीता गेरा को निगम की एमआईसी में संस्कृति पर्यटन मनोरंजन एवं विरासत संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। रीता सिंह गेरा का कहना है कि विभाग की कार्यप्रणाली समझने के बाद संस्कृति पर्यटन व मनोरंजन की दिशा में कार्य करना है। विशेषकर यह प्रयास रहेगा कि भिलाई शहर को पर्यटन की दृष्टि से किस प्रकार ऊपर उठाया जा सकता है। वहीं छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को बढ़ावा देते हुए स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

  1. साकेत चंद्राकर : नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग

नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग एवं भवन अनुज्ञा विभाग की जिम्मेदारी पार्षद साकेत चंद्राकर को मिली है। शहर के विकास को लेकर इनका कहना है कि अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भवन अनुज्ञा का सरलीकरण किया है। इससे लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसका ध्यान रखा जाएगा। हमारी कोशिश रहेगी सरकार की योजना का लाभ लोगों को मिल सके।