रायपुर। अभनपुर हाइवे पर आज सुबह हादसे में मृत महिलाओं के परिजनों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर सहायता राशि दे दी गई है। सीएम बघेल ने आज इस हादसे में मृत महिलाओं के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया था। इसी के तहत सीएम ने मृतक महिलाओं के परिजनों को 25-25 हजार रुपए देने का निदेश दिया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर त्वरित अमल करते हुए सड़क दुघटना में मृत भिलाई के सुभाष नगर निवासी 6 महिलाओं के परिजनों को 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि दे दी गई है। अभनपुर एसडीएम ने यह राशि मृतकों के परिजनों को दी है। वहीं सड़क हादसे में घायल 5 महिलाओं का इलाज मेडिकल कॉलेज के अंबेडकर अस्पताल में किया जा रहा है।

बता दें आज सुबह अभनपुर के केन्द्री में मोनफोर्ट स्कूल के पास सड़क दुर्घटना में 6 महिलाओ की मौत हो गई थी। वहीं 5 अन्य महिलाएं इस दुर्घटना में बुरी तरह घायल हुई हैं। सभी महिलाएं भिलाई के सुभाष नगर की रहने वाली हैं। सभी आज राजिम मेला में पुण्य स्नान के लिए जा रही थी। इस दौरान यह हादसा हुआ। हादसे में रीना करमाकर, सुचित्रा साहा, सविता रानी और मीरा दास, रीना चौधरी व अर्जना मौला की मौत हो गई।

दुर्घटना की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तत्काल अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए और मृतक महिलाओं के परिजनों को 25-25 हजार रूपये की सहायता भी तत्काल देने को कहा। अभनपुर के अनुविभागीय राजस्व अधिकारी ने सड़क दुर्घटना में मृत रीना करमाकर, सुचित्रा साहा, सविता रानी और मीरा दास के पुत्रों को 25 -25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी। वहीं मृतक रीना चौधरी और अर्जना मौला के पतियों को 25 -25 हजार रुपए दिए गए।