cinanews.in

कांकेर। जिले के हल्बा चौकी अतंर्गत ग्राम शाहावाड़ा में एक परिवारिक विवाद में पिता ने अपने बड़े बेटे के साथ मिलकर छोटे बेटे पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लहुलूहान बेटे को रात में अस्पताल दाखिल किया गया।

पुलिस के अनुसार पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि इसके चलते बड़े भाई ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोल हमला कर दिया। हमला के दौरान पिता ने भी बड़े भाई का साथ दिया। हमले से गंभीर रूप से घायल लहुलूहान पीड़ित बेहोश हो गया।

घटना के दौरान जैसे-तैसे मामला शांत कराने के बाद घायल बेटे को परिवार के अन्य सदस्यों ने कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इधर पुलिस ने दोनों पक्ष पर मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहावाड़ा निवासी महेश निषाद ने बताया कि घायल छोटा बेटा पूर्व में अपने पिता कार्तिक निषाद एवं बडे़ भाई मनोहर निषाद के साथ विवाद किया था। उसके बाद से वह अपनी पत्नी सावित्री निषाद एवं तीन बच्चों के साथ अलग घर बनाकर रहता था।

पुलिस के अनुसार फिर भी उसके पिता और भाई के साथ विवाद होते रहता था। रात 9 बजे पीडित को उसका बडा भाई मनोहर निषाद गाली गलौच करने लगा, जिसे सुनकर पीडित गाली क्यों दे रहा है बोला। उसके बाद पीडित के पिता कार्तिक निषाद भी आक्रोशित हो गया। गाली देते हुए पिता पीछे से कुल्हाडी लेकर आया और सीधे पीडित के सिर पर हमला बोल दिया। वह हाथ, पीठ, कमर में कई बार कुल्हाड़ी से वार किया।

उसके बाद उसी कुल्हाडी से पीड़ित का बडा भाई भी सिर पर वार किया, उसके बाद पीड़ित बचाओ-बचाओ चिल्लाया और बेहोश होकर वहीं पर गिर गया। आवाज सुनकर घायल की पत्नी वहां पहुंची और अपने पति को लहुलूहान देखकर तुरंत उसे आसपास के पड़ोसियों की मदद से जिला अस्पताल कांकेर पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है।

घायल को हल्का होश आने के बाद कांकेर पुलिस ने उसका बयान लिया, जिसमें घायल ने अपने पिता और बडे भाई को घटना को अंजाम देना बताया है। नरहरपुर थाने में आरोपी कार्तिक निषाद और मनोहर निषाद के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 34 भादवि के तहत अपराध कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।