Cina News Desk। एक तरफ जहां यूक्रेन पर रूसी हमले को 12 दिन हो गए हैं और लाखों लोग बेघर होकर शरणार्थी बनने को मजबूर हो गए हैं। वहीं, दूसरी तरफ चीन ने भी ताइवान को धमकाना शुरू कर दिया है। पूरी दुनिया जहां रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को खत्म करने के लिए प्रयास कर रही है, वहीं चीन नया मोर्चा खोलने की तैयारी करता दिख रहा है। दरअसल, चीन के विदेश मंत्री वांग यी का कहना है कि ताइवान चीन का अभिन्न अंग है और अंततोगत्‍वा वह मातृभूमि में ही लौटेगा। चीन के इस बयान ने अंतरराष्‍ट्रीय सियासी माहौल और गरम हो गया है।

उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका में कुछ ताकतें ताइवान की स्वतंत्रता की वकालत करने वालों को प्रोत्साहित करती हैं। इससे वन चाइना पालिसी को चुनौतियां मिलती हैं। वांग यी ने कहा कि चीन को नियंत्रित करने के लिए ताइवान को इस्‍तेमाल करने की कोशिशें असफल साबित हो जाएंगी। चीन बढ़ते अमेरिकी दबाव के खिलाफ अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता की मजबूती से रक्षा करेगा। चीन इसके लिए हर संभव कदम उठाने के लिए तैयार है।

बताते चलें कि अमेरिका लगातार सैन्‍य साजो सामान से ताइवान की मदद कर रहा है। वहीं, ताइवान के विदेश मंत्री का कहना है कि रूसी आक्रमणकारियों के खिलाफ लड़ने वाले यूक्रेनियन ने ताइवान के लोगों को प्रेरित किया है। जोसेफ वू ने कहा कि एक बड़े देश के हमले के बावजूद यूक्रेन की सरकार और लोग जबरदस्त साहस और दृढ़ संकल्प के साथ लड़ रहे हैं। उन्‍होंने कहा- यूक्रेनी लोग सत्तावादी धमकियों और जबरदस्ती का सामना करने के लिए ताइवान के लोगों के लिए भी एक प्रेरणा हैं। इस संकट में ताइवान यूक्रेन के साथ खड़ा है।

बताते चलें कि बीते कुछ महीनों से ताइवान में चीन की आक्रामक गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं। चीन के लड़ाकू विमान ताइवानी क्षेत्र में घुसपैठ कर रहे हैं। ताइवानी रक्षा मंत्रालय का कहना है कि चीनी सैन्य विमानों ने बीते 239 दिनों में लगभग 961 बार घुसपैठ की है।