भिलाई। भिलाई की बस्ती में आग लगने के बाद जो हालात सामने आए हैं, उसने हर किसी को झकझोर दिया है। आग ऐसी लगी कि एक पूरी बस्ती ही खाक हो गई। ऐसे समय में शहर के जनप्रतिनिधियों ने मानवता दिखाई। मदद के लिए कई हाथ बढ़े। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, महापौर नीरज पाल, वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन सहित सांसद विजय बघेल भी प्रभावितों से मिलने पहुंचे। आप भी जानें कि किसने क्या किया।

पावर हाउस फल मंडी के पीछे बस्ती में लगी आग के बाद सबसे ज्यादा सक्रियता भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव तथा नगर निगम भिलाई के महापौर व एमआईसी सदस्यों ने दिखाई। हादसे के बाद से वे घटनास्थल पर ही डटे रहे और प्रभावितों को हरसंभव मदद दिलाने का प्रयास किया। हादसे के बाद इनकी सबसे बड़ी दिक्कत रहने और खाने की थी। इसे निगम प्रशासन ने दूर किया। यही नहीं व्यापारी संघ की मदद से सभी के लिए भोजन की भी व्यवस्था कराई।

विधायक देवेन्द्र यादव पूरे दिन डटे रहे

विधायक देवेन्द्र यादव की पहल पर उसी स्थान पर बन रहे पीड़ितों के घर
हादसे के बाद भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव मौके पर डट गए। रविवार को वे बस्ती पहुंचे और प्रभावितों से मिले। इस दौरान प्रभावितों ने उन्हें एक-एक कर अपनी समस्याएं गिनाईं। विधायक ने सभी को सुना और राहत कार्य शुरू करवाए। विधायक की पहल पर उजड़ी बस्ती के लोगों के घर फिर से बन रहे हैं।

प्रभावितों को डर था कि कहीं उन्हें इस जमीन से बेदखल न कर दिया जाए। इसके लिए विधायक के सामने इन लोगों ने कहा था कि उन्हें इसी जमीन पर व्यवस्थित किया जाए। विधायक ने उनकी बात सुनी और फिलहाल उसी जमीन पर इनके घरों को दोबारा बनाने का काम भी शुरू हो गया। यही नहीं विधायक देवेंद्र यादव के निर्देश पर सभी प्रभावितों को खाने से लेकर दवाइयों तक की व्यवस्था की गई।

महापौर नीरज पाल व एमआईसी सदस्य

महापौर नीरज पाल ने की बांस-बल्ली की व्यवस्था
प्रभावितों की मदद के लिए नगर निगम भिलाई के महापौर नीरज पाल, एमआईसी सदस्य एकांश बंछोर, सीजू एंथोनी आदि सक्रिय हो गए। प्रभावितों ने महापौर नीरज पाल से झुग्गियां बनाने के लिए बांस व बल्ली की मांग की थी। इसके बाद रविवार को बांस-बल्ली का वितरण किया गया। महापौर ने टिन की सीट भी देने का भरोसा दिलाया है। इसके अलावा समाजसेवियों व व्यापारी संघ की मदद से प्रभावितों को सुबह के नाश्ते से लेकर रात के भोजन तक की व्यवस्था की जा रही है। राहत शिविर में प्रभावितों के राशन कार्ड एवं आधार कार्ड बनाने की व्यवस्था व्यवस्था भी की गई है। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सांसद विजय बघेल भी पहुंचे प्रभावितों से मिलने

सांसद विजय बघेल भी पहुंचे प्रभावितों के पास
दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल हादसे के बाद रविवार को प्रभावितों से मिलने पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद प्रभावितों ने मिलकर अपना दर्द बताया। सांसद बघेल ने सभी को ढांढस बंधाते हुए अधिकारियों से शीघ्र व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए। यही नहीं उन्होंने इस संकट की घड़ी में लोगों से भी सामने आकर मदद करने की अपील की।

वैशाली नगर विधायक भसीन भी मिले
बस्ती में आग लगने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक विद्यारतन भसीन भी प्रभावितों से मिलने पहुंचे। उन्होंने प्रभावितों से मिलकर इस हादसे के प्रति दु:ख जताया। इस दौरान उन्होंने निगम व जिला प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा भी की। उन्होंने हादसे के प्रभावितों को मदद पहुंचाने का भरोसा दिलाया।

पूर्व मंत्री बीडी कुरैशी भी पहुंचे
हादसे के बाद रविवार को पूर्व विधायक बदरुद्दीन कुरैशी भी प्रभावितों से मिलने पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ितों से बात की। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से इनके व्यवस्थापन का कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यहां के लोगों के लिए यह बड़ी त्रासदी है।