राजनांदगांव। खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक दिन पहले कांग्रेस को घोषणापत्र जारी कर खैरागढ़ को जिला बनाने का वादा कर दिया। सीएम बघेल के वादे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने ट्विटर पर अपनी भड़ास निकाली। वहीं सीएम भूपेश बघेल ने भी पलटवार किया है। सीएम ने ट्वीट कर कहा कि जिला जरूर बनेगा आप देखते रहिए।

बता दें इन दिनों खैरागढ़ उपचुनाव की सरगर्मी तेज है। पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद यह सीट खाली हुई है और यहां पर 12 अप्रेल को मतदान होना है। इससे पहले कांग्रेस व भाजपा में जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा की ओर पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह मोर्चा संभाले हुए हैं। लगातार ट्विटर पर वे बयान बाजी कर रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी पलटवार करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं।

जाने क्या कहा था पूर्व सीएम ने

खैरागढ़ को नया जिला बनाने के वादे पर पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने ट्विटर पर हमला किया है। डॉ रमन सिंह का कहना है कि खैरागढ़ सहित छुईखदान व गंडई के विकास के लिए सरकार ने एक रुपया भी खर्च नहीं किया है। सरकार बनने के बाद न तो शराब बंदी पर बात करते हैं और न बोनस दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक की प्रतिमा बनाने की बात कहने वाले जब वे कांग्रेस में थे तो उन्हें प्रताडित करते थे। अब 24 घंटे में जिला बनाने की बता कर रहे हैं।

सीएम बघेल ने किया पलटवार

पूर्व सीएम के ट्वीट पर सीएम भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। सीएम बघेल ने उनके ट्वीट एपर तंज कसते हुए कहा कि यह नवा छत्तीसगढ़ है और यह झुकेगा नहीं और रुकेगा नहीं। सीएम बघेल ने कहा कि नवा छत्तीसगढ़ में 2 घंटे में किसानों का कर्ज माफ होता है। आदिवासियों की जमीन वापस होती है। हमने 24 घंटे मे जिला बनाने का वादा किया है। 24 घंटे बहुत होते हैं आप देखते रहें, खैरागढ़ जिला बनेगा और बनकर रहेगा।

15 वर्षों तक खैरागढ़ की जनता से अन्याय किया है भाजपा ने

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता देवेन्द्र यादव ने इस मामले में कहा कि प्रदेश में 15 वर्षों तक सरकार में रहने के बाद भी खैरागढ़ की जनता के साथ अन्याय हुआ है। कवर्धा पूर्व सीएम का घर है और राजनांदगांव उनकी विधानसभा इसलिए आज तक खैरागढ़ को विकसित नहीं होने दिया। राजनांदगांव व कवर्धा के महत्व को बनाए रखने के लिए खैरागढ़ के लोगों के साथ अन्याय किया है।

प्रदेश प्रवक्ता देवेन्द्र यादव का कहना है कि डॉ रमन सिंह नहीं चाहते कि खैरागढ़ जिला बने। प्रदेश में अब भूपेश बघेल की सरकार है और उन्होंने वादा किया है खैरागढ़ को जिला बनाएंगे तो जरूर बनाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने वादे के पक्के हैं। खैरागढ़ में कांग्रेस की जीत भी और नया जिला भी बनेगा।

00000