रायपुर। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व अन्य पदों के लिए होने वाले चुनाव से भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव ने अपना नाम वापस ले लिया है। इनके साथ ही सुबोध हरितवाल ने भी चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। देवेन्द्र यादव व सुबोध हरितवाल के चुनावी मैदान से हटने के बाद अब 14 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। बताया जा रहा है कि युवाओं को आगे लाने के लिए देवेन्द्र यादव ने अपना नाम वापस ले लिया।

बता दें यूथ कांग्रेस के चुनाव की घोषणा के बाद भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में देखा जाने लगा था। चुनाव से पहले ही यह माना जाने लगा कि देवेन्द्र यादव यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष होंगे। शुक्रवार को विधायक देवेन्द्र यादव ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला करते हुए अपना नाम वापस ले लिया। वहीं सुबोध हरितवाल ले भी यूथ कांग्रेस के चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया।

जूनियर लीडरशिप को आगे बढ़ाने का लक्ष्य
भिलाई नगर विधायक द्वारा नाम वापस लेने के बाद यूथ कांग्रेस का चुनाव अब रोमांचक हो गया है। माना जा रहा है कि देवेन्द्र यादव के चुनाव लड़ने पर उनका प्रदेश अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा था। वहीं उनके और सुबोध हरितवाल के हटने से चुनाव काफी रोमांचक हो गया है। जूनियर लीडरशिप को आगे बढ़ाने के लिए देवेन्द्र यादव द्वारा यह निर्णय लिए जाने की बातें सामने आ रही है।

14 दावेदारों ने भरे नामांकन
यूथ कांग्रेस के चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, जिला-शहर अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष के पदों पर निर्वाचन होना है। नामांकन प्रक्रिया कल ही खत्म हुई है। 30 अप्रैल तक दावा आपत्ति और उसके बाद 5 मई को फाइनल सूची जारी होगी। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आकाश शर्मा, आशीष अवस्थी मोनू, चकेश्वर गढपाले, फलराज सिंह गजेंद्र, गुलजेब अहमद, कमलेश करम, मानस सुमन पंड्या, मोज्जसम नजर, शशि सिंह, शिवम चौधरी, सूरज कश्यप, तुकाराम, विधि नामदेव और जीशान कुरैशी ने नामांकन किया है।