रायपुर। आज सीएम हाउस सज गया है। दरअसल, कुछ देर बाद यहां मुख्यमंत्री निवास पर शनिवार को माताएं-बहनें तीजा-पोरा पर्व को बड़े उल्लास के साथ मनाएंगी। इसके लिए मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में तैयारियां पूरी हो गई है। ठेठ पारंपरिक अंदाज में मुख्यमंत्री निवास के प्रांगण को सजाया गया है। यहां का पूरा माहौल उत्सव के अनुरूप रंग-बिरंगा और हमारी छत्तीसगढ़िया संस्कृति की झलक दिखाता हुआ नजर आ रहा है।

जानकारी के अनुसार ढेर सारी नंदी बैल इस प्रांगण में जगह-जगह सजे नजर आ रहे हैं, जो समृद्धि और खुशहाली का एहसास दिला रहे हैं। सूपा और टोकनी पर रंगों की खूबसूरत कारीगरी के साथ इन्हें जगह-जगह बेहद निराले अंदाज में सजाया गया है। रंग-बिरंगे तोरण और पारंपरिक कलाकारी, उत्सव की थीम के अनुरूप यहां की खूबसूरती को बढ़ाएगी।

बाजार में दिखा रौनक

बाजारों में रौनक है और तिजहारिन माता-बहनें, किसान भाई और आम जन इस त्यौहार को पूरे उत्साह के साथ मनाने हेतु तैयारियों में जुटे हुए हैं। तीजा-पोरा पर्व के अवसर पर पिछले वर्षाे की तरह इस वर्ष भी मुख्यमंत्री निवास में भव्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा।

सीएम भूपेश ने की ये अपील

प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने माताओं- बहनों से अपील की है कि वे इस उत्सव में शामिल होकर मुख्यमंत्री निवास की शोभा बढ़ाएं। उत्सव में महिला पत्रकारों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। तिजरहिन माता- बहनें मुख्यमंत्री निवास को अपना मायका समझकर यहां आएं, उनका स्वागत है।