कोरबा। डायल 112 पुलिस टीम पर पथराव और लाठी से हमला करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मेले में हुए विवाद को निपटा कर लौट रही पुलिस टीम पर कुछ आरोपियों ने पत्थर से हमला किया। इसके बाद वाहन से बाहर निकले चालक समेत तीन आरक्षकों पर डंडे से हमला किया गया। इससे वाहन चालक समेत तीन आरक्षक को चोट लगी, लेकिन वाहन चालक की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में पुलिस ने पांच ग्रामीण युवकों को गिरफ्तार किया है। मामले में फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।

घटना करतला थाना अंतर्गत ग्राम पसरखेत में रविवार की रात हुई। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत पसरखेत के बाजार में लगे मेला में लड़ाई झगड़ा की शिकायत डायर 112 पुलिस को मिली। डायल 112 के चालक अजय कुमार श्रीवास, आरक्षक जयसिंह कंवर के साथ घटनास्थल पहुंचे और मेला में हो रहे झगड़े को शांत कराया। रात 10 बजे चालक अजय श्रीवास की ड्यूटी बदल गई और चालक ईश पटेल ड्यूटी पर आ गया।

मेला ड्यूटी के पश्चात रात करीब 12 बजे वापस आने के लिए चालक ईश पटेल के साथ सभी वाहन में रवाना हुए। तभी कुछ लोगों ने डायल 112 वाहन पर पत्थर मारने लगे। इसे देखने के लिए चालक ईश पटेल वाहन से बाहर निकला, तभी छह- सात लोग अपने हाथ में रखे डंडा से ईश पटेल पर हमला कर दिया। बीच बचाव के लिए आरक्षक जयराम पटेल, करण कंवर, सुरेंद्र कुर्रे भी वाहन से नीचे उतरे, तो उन्हें भी आरोपितों ने डंडा से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाया।

घटना में गंभीर रूप से घायल चालक ईश पटेल को उपचार के लिए कोसाबाड़ी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। करतला पुलिस ने धारा 147, 148, 149, 186, 294, 332, 353, 307 के तहत मामला विवेचना में लिया। विवेचना के बाद पांच आरोपितों सितंबर सिंह राठिया, डिगंबर सिंह राठिया, सिरजेश कुमार राठिया उर्फ सिरप, प्रदीप कुमार राठिया, देवानंद राठिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। सभी की उम्र 21 से 29 साल के बीच बताई जा रही है।

 

By admin