रायपुर। प्रदेश में कुछ दिनों से बदली दिखाई दे रही थी। मौसम विभाग ने बारिश होने की चेतावनी दी थी। मंगलवार को चक्रवाती हवाओं ने छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल दिया। इससे रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर संभाग में शाम को शुरू बारिश रात 11.45 तक होती रही। वहीं कुछ जिलों में ओले भी गिरे। दुर्गे जिले में लगभग ढाई से तीन घंटे बारिश हुई है।

इस बरसात की वजह से दिन के तापमान में भी 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। जानकारी के मुताबिक रायपुर, कवर्धा, बेमेतरा समेत कई स्थानों पर बारिश के साथ ओले गिरे हैं।

रात 7.30 से बजे से शुरू पानी तीन घंटे तक गिरा
शाम होते-होते सरगुजा, बिलासपुर और रायपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में बरसात होने लगी। इस बीच दुर्ग संभाग के जिलों में बरसात के साथ ओले गिरे। राजधानी रायपुर में शाम को हवा तेज हो गई। करीब 7.30 बजे से यहां बरसात होने लगी। इसके साथ ओले भी गिरे। गरज-चमक के साथ बरसात देर रात तक होती रही। इस दौरान कई निचले इलाकों में पानी भर गया। ठंडी हवाओं की वजह से रात अधिक ठंडी महसूस होने लगी है।

कल भी हो सकती है बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में 29 दिसंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। ओले भी गिर सकते हैं। ओलावृष्टि का क्षेत्र मुख्य रूप से प्रदेश का उत्तरी भाग होगा। कुछ पॉकेट में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा बनने की प्रबल संभावना है। अधिकतम तापमान में गिरावट होगी, जबकि न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।

31 दिसम्बर की रात रहेगी ठंडी
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, बरसात की वजह से दिन के तापमान में गिरावट आएगी। इससे ठंड का एहसास बढ़ेगा। 31 दिसम्बर को जब मौसम साफ होगा तब दिन का तापमान बढ़ेगा, लेकिन रात सामान्य से अधिक ठंडी हो जाएगी। न्यूनतम तापमान में गिरावट कुछ दिन बनी रहेगी। यानी नव वर्ष के स्वागत की तैयारियों में ठंड से बचने के उपाय भी शामिल करने होंगे।

बिजली गुल से लोग परेशान रहे
शाम को तेज हवा चलने के बाद भिलाई के कई इलाकों में लाइट बंद हो गई। बारिश के बीच लाइट बंद हो जाने से लोग परेशान होते रहे। विभाग में शिकायत दर्ज कराते रहे।
बिजली विभाग में बंद होने का कारण जानना चाहा तो कर्मचारी ने जानकारी दी कि ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई है, संधारण में समय लगेगा। इस दौरान कोहका क्षेत्र के कृपाल नगर, कोहका चौक का कुछ इलाका, सद्भावना चौक इलाके में लगभग ढाई घंटे लाइट बंद रही।

30 दिसम्बर के बाद मौसम साफ होगा
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया- ऊपरी हवा का एक चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से उत्तर तेलंगाना तक विदर्भ होते हुए एक द्रोणिका भी 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। वहीं एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा उत्तर प्रदेश के मध्य भाग में 1.5 किलोमीटर तक स्थित है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बरसात संभावित है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना है। कुछ हिस्से में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। 30 दिसम्बर के बाद मौसम साफ होगा। उसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। रातें अधिक ठंडी हो जाएंगी।

By admin