रायपुर। चंदूलाल चंद्राकर स्मृति मेडिकल कालेज दुर्ग की विशेष अधिकारी दुर्ग की अपर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू को नियुक्त किया गया है। उसकी सहायता के लिए जिला पंजीयक और जिला कोषालय अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। इस संबंध में चिकित्सा शिक्षा विभाग के अवर सचिव राजीव अहिरे के हस्ताक्षरित आदेश जारी किया है।

दुर्ग स्थित चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज शासकीय अधिग्रहण के बाद सरकारी हो गया है। चार-पांच महीने पहले ही राज्य सरकार ने राजपत्र में अधिग्रहण की अधिसूचना प्रकाशित की थी। मेडिकल कॉलेज और उससे संबद्ध अस्पताल के संचालन के लिए डीन, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) और अस्पताल अधीक्षक की नियुक्तियां भी कर दी गई है। अब विशेष अधिकारी भी नियुक्त कर दिया गया है। मेडिकल कॉलेज के डीन और स्टाफ विशेष अधिकारी पद्मिनी भोई साहू की सहायता करेंगे। बतादें कि इससे पहले दुर्ग की अपर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना को सीएम मेडिकल कॉलेज का ओएसडी नियुक्त किया गया था।

पांच महीने पहले हुआ अधिग्रहण
स्व. चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज (CM Medical college Durg) तीन सितंबर 2021 से सरकारी मेडिकल कॉलेज घोषित किया गया। सरकार ने इसे अधिग्रहित कर राजपत्र में प्रकाशन किया था। बतादें कि छत्तीसगढ़ में ऐसा पहली बार हुआ है जब सरकार ने किसी निजी शिक्षा संस्थान का अधिग्रहण सरकार ने किया हो। राजपत्र में प्रकाशन के साथ ही चिकित्सा शिक्षा विभाग भी सक्रिय हुआ। विभाग के अपर सचिव राजीव अहिरे ने अधिग्रहण के आदेश के दिन शाम तक कॉलेज संचालन के लिए जरूरी अधिकारियों की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया था।

पक्ष-विपक्ष के विवादों के बीच अधिग्रहण
भिलाई स्थित चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के अधिग्रहण को लेकर भारी विवाद रहा। विपक्ष ने सरकार पर इस अधिग्रहण के जरिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया था। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने विस में कहा था, सरकार जिस कॉलेज के अधिग्रहण कर रही है उस पर मेडिकल कॉउंसिल ऑफ इंडिया ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। 2017 से उसकी मान्यता खत्म की जा चुकी है।