भिलाई। नगर पालिका परिषद जामुल में शुक्रवार को प्रथम सम्मीलन का आयोजन किया गया। सुबह सबसे पहले सभी वार्डों के पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। 20 वार्डों के पार्षदों को निर्वाचन अधिकारी ने पद एवं गोपनियता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही जामुल पालिका में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब से कुछ ही घंटों यह साफ हो जाएगा कि जामुल में भाजपा का अध्यक्ष बनता है या यहां भी कांग्रेस अपना अध्यक्ष बनाने में सफल हो जाती है।

बता दें कि दुर्ग जिले के चार निकायों में से जामुल में ही कांग्रेस को सफलता नहीं मिली। जामुल में भाजपा ने बढ़त हासिल की और उसके 10 पार्षद चुनकर आए। नगर पालिका अध्यक्ष बनाने के लिए भाजपा को एक और पार्षद की आवश्यकता है। वहीं पालिका में पांच कांग्रेस, चार निर्दलीय और एक जोगी कांग्रेस के प्रत्याशी जीते हैं। कांग्रेस पार्टी सभी निर्दलियों व एक जनता कांग्रेस के पार्षद को साधने में कामयाब हो जाती है तो यहां भी खैरागढ़ वाली स्थिति बन सकती है। या फिर भाजपा की ओर से क्रॉस वोटिंग हुई तो कांग्रेस का अध्यक्ष भी बन सकता है। बहरहाल कुछ घंटों के इंतजार के बाद जामुल पालिका की तस्वीर भी पूरी तरह से साफ हो जाएगी।

भाजपा से यह हैं दावेदार
जामुल नगर पालिका परिषद् में अध्यक्ष के दावेदारों में वार्ड 3 से चुनाव जीते रेखराम बंछोर का नाम सबसे आगे है। इसके अलावा वार्ड 13 से चुनाव जीतने वाली कविता बिस्वाल भी इस बार रेस में है। भाजपा द्वारा इन दोनों में से किसी एक को अध्यक्ष के लिए उम्मीदवार बनाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि यहां पर रेखराम बंछोर को लेकर नाराजगी का माहौल है इसे देखते हुए नया नाम आ सकता है। वहीं कांग्रेस भी अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। कांग्रेस ने इसकी तैयारियां कर ली हैं लेकिन अभी कांगेस ने इसमें संस्पेंस बनाए रखा है। कांग्रेस की घेराबंदी ने भाजप खेमें में डर का माहौल पैदा कर दिया है, यही कारण है भारतीय जनता पार्टी 10 सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद भी सहमी हुई है।

By admin