रायपुर। प्रदेश के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सर्चिंग पर निकली पुलिस पार्टी और नक्सलियों के बीच मुठभेड जारी है। जवानों द्वारा कुछ नक्सलियों को मार गिराने की सूचना भी अंदर जंगलों से निकल कर आ रही है। मुठभेड़ 30 जनवरी को सुबह पौने सात बजे की बताई जा रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस और नक्सलियों के बीच चल रही यह मुठभेड़ सुकमा जिले के चिंतलनार के घोर नक्सल प्रभावित तिम्मापुर में चल रही है। इस इलाके में सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। जिसकी सुरक्षा के लिए जवानों की ड्यूटी लगी है। निर्माण कार्य की सुरक्षा में कोबरा-201 और डीआरडी की संयुक्त टीम निकली थी। वहीं जवानों से मुठभेड़ हुई।

सुबह पौने सात बजे हुई मुठभेड़ में जवानों ने नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। जिसमें कई नक्सलियों के मारे जाने की सूचना मिल रही है। मुठभेड़ के बाद जवान नक्सलियों के शव को लेकर वापस लौट रहे थे। इस दौरान नक्सलियों की एक और टुकड़ी ने जवानों पर फायरिंग कर दी। मौके पर फायरिंग जारी है।