न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डेन ने कोरोना महामारी की वजह से अपनी शादी रद कर दी है। न्यूजीलैंड में कोरोना की लहर को रोकने के लिए कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। हालांकि, दुनियाभर में बड़े नेता और रसूखदारों के लिए ये नियम मायने नहीं रखते हैं। मगर, न्यूजीलैंड की पीएम ने आम लोगों के सामने उदाहरण पेश करते हुए अपनी शादी को टाल दिया है।

जेसिंडा ने साफ संदेश दिया है कि सरकार के बनाए नियम सिर्फ जनता के लिए नहीं, बल्कि सभी के लिए होते हैं। अपनी शादी को रद करने का ऐलान खुद पीएम जेसिंडा ने किया। उन्होंने कहा, मेरी शादी आगे बढ़ रही है। हालांकि, अभी उन्होंने नई तारीख की घोषणा नहीं की है। जेसिंडा लॉन्गटाइम पार्टनर और फिशिंग-शो होस्ट क्लार्क गेफोर्ड से शादी रचाने जा रही हैं।

बताते चलें कि भले ही दोनों की शादी नहीं हुई है, लेकिन जेसिंडा और गेफोर्ड की 2 साल की बेटी नेव है। पीएम की व्यस्तता के कारण गेफोर्ड, बेटी नेव की देखभाल करते हैं। 2018 में वह आधुनिक इतिहास में राष्ट्र प्रमुख के रूप में पद पर रहते हुए मां बनने वालीं दूसरी निर्वाचित विश्व नेता बन गई हैं। ऐसे में जब रिपोर्टर ने पूछा कि शादी कैंसिल करने पर कैसा लग रहा है तो उन्होंने जवाब दिया, जिंदगी ऐसी ही है।

कोरोना महामारी को रोकने के लिए न्यूजीलैंड में रविवार से मास्क अनिवार्य किया है। साथ ही भीड़ जुटने पर रोक लगाई है। यहां एक शादी में जुटे मेहमानों से कोरोना के कई केस सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया है।

उत्तरी द्वीप के ऑकलैंड में एक शादी और अन्य कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद एक परिवार विमान से दक्षिण द्वीप में नेल्सन लौट आया। इसी परिवार के सदस्य और फ्लाइट अटेंडेंट की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद देश में हड़कंप मच गया।