रायपुर। 8सीजी गर्ल्स बटालियन के एनसीसी कैंप का आयोजन राजधानी रायपुर में किया गया। फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट विषय पर एनसीसी कैडेटों ने युद्ध स्थल का दृष्टांत प्रस्तुत किया। यह प्रस्तुति छत्तीसगढ़ में पहली बार गर्ल्स कैडेट्स के द्वारा की गई। कैंप छत्तीसगढ़ ग्रुप हेडक्वार्टर के प्रमुख ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एके दास वीएसएम और 8सीजी गर्ल्स बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल आशीष बडोला के निर्देशानुसार संचालित किया गया।
कैंप में वर्तमान समय की तात्कालिक समस्या साइबर क्राइम के विषय पर कैडेट को जागरूक करने साइबर लॉयर जूही सिंह राजपूत पहुंची थी। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचने का सर्वश्रेष्ठ माध्यम है। आज सोशल साइट्स के माध्यम से साइबर क्राइम किया जा रहा है। इसके लिए व्हाट्सएप, फेसबुक इंस्टाग्राम जैसे बड़े सोशल प्लेटफॉर्म को सावधानी और सतर्कता के साथ प्रयोग आवश्यक है।
महिला विरुद्ध अपराध विवेचना इकाई (IUCAW) रायपुर की प्रमुख अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल तिवारी ने पिंक गश्त के गठन एवं उद्देश्य पर कैडेटों से चर्चा की। साथ ही मुक्ति वाहिनी टीम से इंटरनेशनल मार्शल आर्ट आर्टिस्ट हर्षा साहू ने निहत्थे मुकाबला कर आत्मरक्षा के गुणों से परिचित करवाया। यह सभी जानकारियां कैडेट्स के लिए ज्ञानवर्धक एवम प्रेरणादयी रही।
इसके पश्चात बी सर्टिफिकेट कैडेट्स के पांच दिवसीय कैंप एवं सी सर्टिफिकेट के सात दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। आज कैंप का समापन कमान अधिकारी कर्नल आशीष बडोला के द्वारा किया गया। समापन कार्यक्रम में आरडीसी रिटर्न, दुर्गा महाविद्यालय की सार्जेंट प्रिया सिंह को पुरस्कृत किया गया। उन्होंने गणतंत्र दिवस परेड में पीएम रैली में मार्चिंग किया एवं पीएम कल्चरल कार्यक्रम मे शामिल होकर 8सी जी का गौरव बढ़ाया। कैडेट्स के द्वारा सेक्शन ड्रिल का भी प्रदर्शन भी किया गया।
सेक्शन ड्रिल के डिमॉन्स्ट्रेशन के द्वारा पाकिस्तान के पोस्ट को कब्जा करने का दृश्य प्रदर्शित किया गया। जिसमें 30 कैडेटों ने भाग लिया। सर्वप्रथम फील्ड सिग्नल के बारे में जानकारी दी। तत्पश्चात, युद्ध स्थल पर सैनिकों द्वारा की जाने वाली कार्रवाई का विवरण भी प्रस्तुत किया जो कि बहुत आकर्षक था। उपस्थित सभी कैडेट्स प्रदर्शन के दौरान उत्साह और जोश से भर गए। भारत माता की जय की जय जय कार से पूरा माहौल देश प्रेम के रंग में रंग गया। कैडेटों की शानदार प्रस्तुति यादगार प्रस्तुति रही।