रायपुर। प्रदेश में वाहनों की रफ्तार का कहर एक बार फिर कवर्धा में देखने को मिला। यहां एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुघर्टना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 15 से अधिक यात्री घायल हुए है, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कवर्धा जिले के पंडरिया क्षेत्र के कुकदूर की बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि रोज की तरह सोमवार 14 फरवरी की सुबह प्रयागराज से यात्रियों को लेकर बस क्रमांक MP 18 P 0383 बेमेतरा के लिए रवानी हुई थी। प्रयागराज से छत्तीसगढ़ यात्रियों को लेकर पहुंची बस अभी कवर्धा से रवाना ही हुई थी कि पंडरिया ब्लॉक के कुकदुर मार्ग पर हनुमत खोल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।
बस के पलटते ही अंदर मौजूद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। बस के पलटने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे। इनमें से एक यात्री की जहां मौत हो गयी, वही 15 यात्री घायल हैं।
सभी घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां 6 यात्रियों को इस दुर्घटना में गंभीर चोट आई है, जिन्हे अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। वहीं पुलिस ने इस सड़क दुर्घटना पर अपराध दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बतादें कि नेशनल हाइवे 12 रायपुर जबलपुर मार्ग में आए दिन सड़क हादसे की खबर आती रहती है। हाइवे के चौड़ीकरण के बाद गाड़ियों की रफ्तार अधिक हो गई है। रफ्तार अधिक होने के कारण कई वाहन चालक इसे कंट्रोल नहीं कर पाते है। और हादसा होता है।