बालोद। जिले में एक सड़क हादसे में जनपद सदस्य के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक सवार युवक गुंडरदेही की ओर जा रहा था। इस दौरान बाइक की रफ्तार काफी अधिक थी। इस दौरान मोड़ पर रफ्तार को काबू न कर पाने की वजह बाइक दीवार से टकरा गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खासबात यह है कि आज ही मृतक के बड़े भाई की शादी भी है। एक झटके में परिवार की खुशियां मातम में बदल गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार गुरुर ब्लाक के ग्राम पड़कीभाट के रहने वाले जनपद सदस्य राजकुमार साहू के घर पर आज खुशियों का माहौल था। उनके बड़े बेटे संजय साहू की शादी को लेकर घर पर उत्सव का माहौल था। सुबह करीब 10 बजे राजकुमार साहू का छोटा बेटा भूपेश साहू किसी काम से गुंडरदेही की ओर निकला। इस दौरान वह अपनी यामहा बाइक पर सवार था। बताया जा रहा है कि इस दौरान वह काफी तेज रफ्तार से जा रहा था।

इस दौरान भूपेश साहू कलंगपुर गांव के पास पेंड्री मोड पर बाइक को संभाल नहीं पाया और सामने दीवार पर टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के सामने के परखच्चे उड़ गए। हादसे में भूपेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मौके से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचानाम की कार्रवाई कर परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने हादसे का कारण बाइक की तेज रफ्तार को बताया है।

मॉडलिंग का छात्र था मृतक

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक भूपेश साहू मॉडलिंग में करियर बनाना चाहता था। वह खैरागढ़ स्थित इंदिरागांधी कला एवं संगीत विश्वविद्यालय में मॉडलिंग की शिक्षा ले रहा था। इसके लिए वह खैरागढ़ में रहकर ही पढ़ाई कर रहा था। बड़े भाई की शादी होने के कारण वह गांव आया था जिसकी आज हादसे में मौत हो गई।