बालोद। जिले में रेत माफियओं के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि पुलिस व प्रशासनिक अमले पर भी हमला किया जा रहा है। शुक्रवार देर रात को गुंडरदेही के रेंगाकठेरा के रेतखदान में अवैध खनन रोकने गए प्रशासनिक अमले व पुलिस टीम पर हमला किया गया। यही नहीं एक आरक्षक के पेट में चाकू गोदकर आरोपी फरार हो गए। इस मामले में देर रात दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं म़ुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार गुंडरदेही थाना अंतर्गत ग्राम रेंगाकठेरा के रेत खदान में अवैध खनन की सूचना मिली थी। इसके बाद तहसीलदार व पुलिस की टीम ने रात में ही दबिश दी। पुलिस व प्रशासनिक अमले को देख रेत माफियाओं के होश उड़ गए। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में एक आरक्षक कमल वर्मा के पेट में चाकू लगा। कमल वर्मा को भिलाई के स्पर्श हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

इधर इस घटना के बाद फरार आरोपियों की धर पकड़ के लिए टीम को लगाया गया। देर रात दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं दो आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। इनमें मुख्य आरोपी भी शामिल है। घायल आरक्षक कमल वर्मा को लेकर पुलिस ने बताया आरोपी ने आरक्षक के पेट में चाकू मारा है जिससे गहरा घाव हो गया। आरक्षक को भिलाई के स्पर्श हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।

आरक्षक का हुआ ऑपरेशन
इधर स्पर्श हॉस्पिटल में लाने के बाद आरक्षक का ऑपरेशन किया गया। अब आरक्षक की हालत स्थिर है और वह आईसीयू में है। स्पर्श हॉस्पिटल के एमडी डॉ दीपक वर्मा ने बताया शनिवार की सुबह जब आरक्षक को लाया गया तो उसकी पेट में चाकू लगा हुआ था। डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन शुरू किया। चाकू लगने से पेट के अंदर अमाशय में छेद हो गया था। पहले अमाशय को रिपेयर किया गया। खराब खून को निकाला गया है। फिलहाल मरीज आईसीयू में स्वस्थ्य लाभ ले रहा है।