भिलाई। बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति एक मार्च को महाशिवरात्रि के मौक पर भगवान शिव की बारात निकालने जा रहा है। हर साल ही तरह इस साल भी बाबा की बारात इंदिरा नगर हथखोज से निकाली जाएगी। इस बारात में शामिल होने के लिए समिति द्वारा 21 हजार कार्ड बांटने का दावा किया गया है। वहीं इस बार का खास आकर्षण लेजर शो होगा।

इस संबंध में शनिवार को प्रेसवार्ता के माध्यम से बोलबम सेवा एवं कल्याण समिति के अध्यक्ष दया सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बारात इंदिरा नगर हथखोज से निकाली जाएगी। ट्रांसपोर्ट नगर, केनाल रोड, बोल बम चौक, नंदी तिराहा, शिव मंदिर जोन 1, श्रीराम चौक होते हुए दुर्गा मैदान जोन 2 में समापन होगा। यहां भगवान शिव व पार्वती का विवाह कराया जाएगा। इस दौरान बारातियों व घरातियों के भंडारा भी होगा।

जाने शिव की बारात में क्या है खास
इस बार बारात के साथ केरल की 6 झांकिया होंगी। जिसमें शिव पार्वती, भगवान गणेश, हनुमान सहित अन्य देवी-देवताओं के स्वरूप कलाकार विराजेंगे। विजयवाडा आंध्रप्रदेश से भी इस बार 6 अलग-अलग झांकियां देखने को मिलेंगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की 121 झांकियां इस बारात की शोभा बढ़ाएंगी। दुर्ग-भिलाई, रायपुर, राजनांदगांव, बालोद-बेमेतरा आदि क्षेत्रों से यह झांकियां आएंगी। बारात के साथ देवी-देवता, भूत-पिशाच की वेशभुषा में बड़ी संख्या शिवभक्त शामिल होंगे।

पहली बार होगा लेजर शो
इस बार बार शिवजी की बारात में पहली बार मुंबई का लेजर शो भी होगा। मुंबई के टेक्निशियन यह शानदार लेजर शो दिखाएंगे। आसमान में जय श्रीराम व भगवा शिव के जयकारे लाइटिंग के साथ दिखेंगे। इसके अलावा झकियों में रामदरबार, श्रीकृष्ण लीला, हनुमान, शिव तांडव, शिव-पार्वती विवाह, शेषनाग, नरसिंह अवतार, मां काली का स्वरूप, राधाकृष्ण की प्रेमलीला आदि भी होगा। इसके साथ राउत नाचा, अखाड़ा, पंथी नृत्य, डीजे, घुमाल व बैंड भी बारात का हिस्सा होगा।