सीना डेस्क। देश में कोरोना की तीसरी लहर लगातार कमजोर हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 43 हजार 624 नए केस सामने आए। वहीं इस बीच 1 लाख 17 हजार मरीज स्वस्थ भी हुए। इस दौरान 683 लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हुई। लगातार घटते मामले और बढ़ते स्वस्थ मरीजों के आंकड़ों के कारण सक्रिय मरीजों की संख्या तेजी से घटने लगी है। देश में फिलहाल सक्रिय मरीजों की संख्या 5.28 लाख रह गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार देश में अब तक चार करोड़ 26 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं चार करोड़ 15 लाख से ज्यादा स्वस्थ हो गए हैं। देश में कोरोना संक्रमण के कारण 5 लाख आठ हजार के करीब लोगों की मौत हुई है। यही नहीं अब सर्वाधिक संक्रमित राज्य केरल में भी केस कम होने लगे हैं। केरल में बीते 24 घंटों के दौरान 15 हजार 184 में संक्रमित मिले, जो 1 दिन पहले की अपेक्षा 1000 केस कम है।

छत्तीसगढ़ में मिले 754 नए केस

छत्तीसगढ़ में कोरोना मरीजों की संख्या में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुल 754 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। वहीं इस बीच 1010 संक्रमित मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौटे। जबकि पिछले 24 घंटे में 13 संक्रमितों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 8195 पर आ गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश में अब पॉजिटिविटी घटकर 2.69 प्रतिशत पर आ गई है। वहीं छत्तीसगढ़ के 23 जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान एक से 50 के बीच नए केस मिले। जो अब तक की सबसे बड़ी राहत है। इसके अलावा राजधानी रायपुर में 105, दुर्ग में  69, राजनांदगांव  में 61, बिलासपुर में 61, बलरामपुर में 52 केस सामने आए। लगातार घटते मामलों को देखते हुए प्रदेश में पाबंदियों पर भी छूट दी जा रही है।