सीना डेस्के। केरल के एक आयुर्वेदिक अस्पताल में इलाज से केन्या के पूर्व प्रधानमंत्री रैला ओडिंगा की बेटी की आंखों में रोशनी वापस आई गई है। ओडिंगा की बेटी रोजमेरी को 2017 में ब्रेन ट्यूमर होने का पता चला था। उनकी नैरोबी में सर्जरी हुई थी। लेकिन आपरेशन के बाद उनकी आंखों की रोशनी चली गई। वह काफी परेशान चल रहे थे। फिर उन्हें भारत के केरल में आयुर्वेदिक उपचार का पता चला।

वह बेटी रोजमेरी के इलाज के लिए केरल आए और यहां पारंपरिक दवाओं की वजह से उनकी बेटी की आंखों की रोशनी वापस लौट आई है। अब ओडिंगा आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति की तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर उस अस्पताल की शाखा केन्या में खोलने का अनुरोध किया है, ताकि वहां के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

श्रीधरीयम आयुर्वेदिक नेत्र अस्पताल और अनुसंधान केंद्र में साल 2019 में वह अपनी बेटी को लेकर आए थे। वहां इलाज के बाद उन्हें लगा था कि इलाज उनके लिए काफी कारगर हो रहा है। इसके बाद उन्होंने यहां पूरा इलाज कराया।

ओडिंगा हाल में केरल में थे। उन्होंने अपनी बेटी की आंखों की रोशनी लौटाने के लिए श्रीधरीयम आयुर्वेदिक नेत्र अस्पताल और अनुसंधान केंद्र को धन्यवाद दिया है। आयुर्वेदिक इलाज से रोजमेरी की आंखों में रोशनी लौट आई।

ओडिंगा ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से इस पर चर्चा की और उन्हें यह शानदार कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि मैंने उनसे कहा है कि हमें साथ काम करने में खुशी होगी। मुलाकात के दौरान मोदी ने ओडिंगा से कहा कि वे भारत-केन्या संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।