रायगढ़। तहसील कार्यालय में वकीलों की बदसलूकी और मारपीट के  विरोध में सोमवार को प्रदेश के सभी तहसील कार्यों में हड़ताल शुरू हो गई। रायगढ़ में स्कूल कॉलेजों वह आपातकालीन सेवाएं छोड़कर सभी जगह तालाबंदी कर दी गई है। सारे अफसर रायगढ़ के मिनी स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने मारपीट करने वाले और दो वकीलों को गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें 3 दिन पहले शुक्रवार को रायगढ़ में जमीन का नामांतरण करने पहुंचे वकीलों ने तहसील कार्यालय के कर्मचारियों से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए नायाब तहसीलदार को भी पीट दिया था। इसके बाद से ही तहसीलदार प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को इस मामले में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ द्वारा पूरे प्रदेश में हड़ताल की जा रही है। इसके कारण तहसील कार्यालय में काम धाम पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है।

तहसील कार्यालय में कर्मचारी व अफसरों से मारपीट करने वाले 3 वकीलों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 1 दिन पहले रविवार को पुलिस ने भुवन साव नाम के वकील को गिरफ्तार किया था। वहींआज सुबह जांजगीर के डबरा गांव के पास एक अन्य वकील जितेंद्र शर्मा व दोपहर तक दीपक मुनक नाम के वकील को गिरफ्तार किया गया है अब इस मामले में सिर्फ एक वकील के गिरफ्तारी बाकी है।

इधर प्रदर्शन करने वाले अफसरों ने कहा है कि तहसील कार्यालय में इस तरह का मारपीट करना गलत है। इस बीच अधिकारी कर्मचारियों के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर से भी मुलाकात की। जिसमें सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया। अफसर कर्मचारियों ने भी कहा है कि सभी वकीलों के गिरफ्तारी के बाद हड़ताल वापस ले लिया जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि आज शाम तक हड़ताल खत्म हो जाएगा।