रायपुर। राजधानी रायपुर की सड़कों पर आज आम आदमी पार्टी का जलवा दिखा। सोमवार को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान से आम आदमी पार्टी के हजारों का कार्यकर्ताओं ने ‘बदलबो छत्तीसगढ़’ के नारे के साथ विजय यात्रा निकाली। इस विजय यात्रा में दिल्ली सरकार के मंत्री व छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी गोपाल राय व विधायक संजीव झा विशेष रूप से शामिल हुए।

बता दें पंजाब में आम आदमी पार्टी को बड़ी सफलता मिली है। यहां पर आप ने 117 में से 92 सीटें जीत ली है। पंजाब में जीत के बाद अब आप की नजर दूसरे राज्यों पर है। छत्तीसगढ़ को आम आदमी पार्टी अपनी प्रायोरिटी में रखा है। इसके लिए प्रदेश में लगातार सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को आम आदमी पार्टी ने विजय यात्रा निकाल कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है।

साइंस कॉलेज से शुरू हुई विजय यात्रा
रायपुर के साइंस कालेज मैदान से बदलबो छत्तीसगढ़’ विजय यात्रा शुरू हुई। इस विजय यात्रा में पूरे प्रदेश से आम आदमी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान रास्ते भर सत्ता बदलनी चाहिए के गीत गूंजते रहे। लोगों ने भी देखा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी अपने पैर जमा रही है। विजय यात्रा के माध्यम से आप के नेताओं ने लोगों से संपर्क किया।

इन्होंने किया नेतृत्व
इस विजय यात्रा का नेतृत्व प्रदेश प्रभारी गोपाल राय, विधायक संजीव झा, सह प्रभारी सुरेश कठैत, छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी आदि ने किया। इस मौक पर प्रदेश प्रभारी गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी को लेकर कहा जाता है कि वे दिल्ली के बाहर कुछ भी नहीं हैं। लेकिन हमने पंजाब में भारी बहुमत से जीतकर दिखा दिया है कि दिल्ली के बाहर भी आम आदमी है।

छत्तीसगढ़ की जनता सरकार से त्रस्त
गोपाल राय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस सरकार से त्रस्त है। तीन साल में ही यहां के लोगों ने कांग्रेस सरकार का असली चेहरा देख लिया है। 15 साल भाजपा की सरकार ने भी लोगों के साथ यही किया। प्रदेश की जनता विकल्प ढूंढ रही है और यह विकल्प आम आदमी पार्टी ही दे सकती है। आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में वृहद स्तर पर सदस्यता अभियान चलाएगी।