Cina News Desk। साल 2022 का पहला चक्रवाती तूफान असानी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि 20 मार्च की सुबह तक बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र मजबूत हो गया है और 21 मार्च को चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ स्थानों में भारी वर्षा की संभावना है। इसके बाद यह चक्रवाती तूफान बांग्लादेश की ओर बढ़ेगा। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।

तूफान की चेतावनी को देखते हुए भारतीय तटरक्षक बल ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और पहले से ही एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए गए हैं। तटरक्षक बलों ने जहाजों को बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर में जाने से सभी नाविकों और मछुआरों को रोक दिया है। सभी मछुआरों को अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में न जाने की सलाह देते हुए एडवाइजरी जारी की गई है।

इस बीच, चक्रवाती मौसम के बारे में आईएमडी की चेतावनी को देखते हुए अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पर्यटन गतिविधियों को 19 मार्च से 22 मार्च तक के लिए रोक दिया गया है। वहां मौजूद पर्यटकों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।

प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
आने वाले तूफान को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। यात्रियों व अन्य लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर 03192-245555/232714 और टोल-फ्री नंबर 1-800-345-2714 जारी किया है। इसके अलावा नौकायन को भी रद्द कर दिया गया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर पश्चिमी भारत के तापमान में दो डिग्री तक गिरावट आने की संभावना बन रही है। इसके अलावा पश्चिमी, मध्य व दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में भी तूफान के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है। बाकी हिस्सों में तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा।