सरगुजा। जिले में बीती रात बड़ा हादसा हो गया। यहां एक बारातियों से भरी बस पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा बारात के वापस लौटने के दौरान हुआ। हादसे के बाद मौके पर दो लोगों की मौत हुई वहीं एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादस रघुनाथपुर चौकी क्षेत्र में हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार जिले के सिकिलमा निवासी सी कमल खलखो की बारात सोमवार की सुबह नानदमाली गांव गई थी। बारात खत्म होने के बाद सभी रात 11 बजे के आसपास लौट रहे थे। बस में महिलाएं व बच्चे भी सवार थे। अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे पर लालमाटी गांव के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में मौके पर ही एक बच्चे व एक किशोरी की मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल हो गए थे।

हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 6 से ज्यादा लोग घायल हैं जिनका इलाज किया जा रहा है। हादसे के दौरान मौक पर राजेंद्र खलखो (4) व आरती बड़ा (16) की मौत हो गई। वहीं जीवन मिंज (48) की इलाज के दौरान मौत  हो गई। मामले में पुलिस जांच में जुट गई है।

महिलाओं ने कहा ड्राइवर की लापरवाही

पुलिस के अनुसार बस में सवार महिलाओं का कहना था कि हादसे का कारण चालक की लापरवाही है। बस ड्राइवर बार-बार हाथ छोड़कर बस चला रहा था। वह बस को लापरवाही पूर्वक चला रहा था। इस दौरान कई बार उसे कहा गया कि देखकर चलाए इसके बाद भी वह नहीं माना। हादसे में जिस बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई वह सामने ही बैठा हुआ था। हादसे के बाद बस चालक भाग गया है पुलिस उसकी तलाश कर रही है।