सीना डेस्क। दिल्ली में बीती रात बड़ा हादसा हो गया। यहां के गोकुलपुरी की झुग्गियों में आग लग गई है। यह हादसा शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। घटना के बाद फायर ब्रिगेड सर्विस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फारय ब्रिग्रेड की गाडियों ने आग बुझाना शुरू किया। घंटों मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस आगजनी में अब तक 7 लोगों की मौत हुई है। वहीं कई घायल बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार उत्तर पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी गांव की झुग्गियों में देर रात करीब एक बजे भीषण आग लग गई। इस दौरान 60 से अधिक झुग्गियां जल गई हैं। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां  पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका है। शनिवार सुबह तक कुलिंग का काम हो रहा था। इस दौरान 7 लोगों के शव बरामद किए गए हैं।

सूचना मिलते ही शुरू हुआ राहत कार्य

गोकुलपुरी के झुग्गियों में आग की सूचना मिलते ही राहत कार्य शुरू कर दिया गया था। स्थानीय पुलिस ने दमकल विभाग को सूचना दी थी। इसके बाद तेजी से आग बुझाने के प्रयास किए गए। 1 बजे सूचना मिले के बाद सुबह 4 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस का कहना है कि अभी आग लगने का कारण पता नहीं चला है। सुबह तक क्षेत्र में कुलिंग का काम किया जा रहा है। जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आएगी।

सीएम केजरीवाल जाएंगे प्रभावितों से मिलने

इधर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आगजनी की घटना का दु:ख जताया है। वे गोकुलपुरी के झुग्गियों में रहने वाले लोगों से मिलने जाएंगे। इस दौरान वे प्रभावितों से मिलेंगे। वहीं घटना के संबंध में उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं। आखिर आगजनी का कारण क्या है। इधर बचाव टीमों द्वारा लगातार राहत कार्य किया जा रहा है। घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।