सीना डेस्क। आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव में बंपर जीत के बाद राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं। बुधवार को आप के पंजाब सुप्रीमो भगवंत मान शपथ लेंगे। शपथ के लिए खास तैयारियां हैं। वे ऐसे पहले सीएम होंगे जो शहीद भगत सिंह के गांव में शपथ लेने जा रहे हैं। उनका शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 11.30 बजे शुरू होगा। पंजाब के राज्यपाल बनबारी लाल पुरोहित उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।

पंजाब में शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई बड़ी राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहेंगी। समारोह को खास बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे पंजाब से लोगों को आमंत्रित किया गया है। शहीद स्मारक के पीछे एक लाख लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है, जबकि स्मारक की भूमि पर साढ़े छह एकड़ क्षेत्र में पंडाल लगाया जाएगा।

इससे पहले शपथ ग्रहण समारोह के लिए भगवंत मान ने एक वीडियो जारी कर पूरे पंजाब के लोगों को आमंत्रित किया है।  वीडियो के जरिए मान ने कहा कि मैं ही नहीं, पंजाब के तीन करोड़ लोग भी मेरे साथ शपथ लेंगे। हमें मिलकर भगत सिंह के सपनों को पूरा करना है और हम उनकी सोच को 16 मार्च को अमल में लाएंगे। भगवंत मान ने यह भी कहा कि मैं अकेला मुख्यमंत्री नहीं बना हूं। आप सब मुख्यमंत्री बन गए हैं।

भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह, पार्टी के पंजाब प्रभारी राघव चड्ढा शामिल होंगे। वहीं आप ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू को भी निमंत्रण भेजा गया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक सहित कई बड़े नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है।