रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने नए जिलों की घोषणा के बाद अब यहां पर प्रशासनिक व्यवस्था बनाना शुरू कर दिया है। हाल ही बने नए जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई सहित पांच जिलों के लिए सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था की कवायद तेज कर दी है। मुख्यमंत्री की सहमति के बाद आज सरकार ने पांच प्रस्तावित जिलों के लिए विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारियों (OSD) की नियुक्ति कर दी।

सामान्य प्रशासन विभाग के मुताबिक 2013 बैच के IAS अफसर जगदीश सोनकर व पीएस ध्रुव को क्रमश: खैरागढ़-छुईखदान-गंडई व मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर का OSD बनाया गया है। इसी प्रकार मोहला-मानपुर-चौकी जिले के लिए 2014 बैच के आईएएस  एस. जयवर्धन को ओएसडी नियुक्त किया गया है।

इसी प्रकार 2015 बैच के आईएएस व वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग के उप सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे डी. राहुल वैंकट को सारंगढ-बिलाईगढ़ जिले का ओएसडी बनाया गया है। वहीं दुर्ग में पदस्थ 2015 बैच की IAS नूपुर राशि पन्ना को सक्ती जिले का OSD बनाया गया है। सरकार ने इन सभी अफसरों को तत्काल नई जिम्मेदारी संभालने कहा गया है।

उपचुनाव के बाद बना खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला
बता दें हाल ही में संपन्न उपचुनाव के बाद खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला बनाया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुनाव के पूर्व इसे जिलो बनाने की घोषणा की थी। सीएम बघेल ने घोषणा के अनुसार ही मतगणना के दिन ही खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को जिला घोषित कर दिया था। इसके बाद यहां प्रशासनिक व्यवस्था बनाने को लेकर कवायद शुरू हो गई। आज सामान्य प्रशासन विभाग ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के साथ की उन सभी नए जिलों के लिए ओएसडी नियुक्त किए जिन्हें जिला बनाने की घोषणा की गई थी।

इन जिलों के कलेक्टर बदले
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार 17 आईएएस अफसरों का तबादला किया गया है। इस बीच कलेक्टर गौरव सिंह को सूरजपुर से हटाकर मुंगेली का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं मुंगेली कलेक्टर अजीत वसंत को नई दिल्ली में आवासीय आयुक्त बना दिया गया है। वहीं सूरजपुर जिला कलेकटर के रूप में 2012 की आईएएस  इफ्फत आरा को कलेक्टर बनाया गया है।