राजनांदगांव। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में वोटिंग को अब केवल 5 दिन बच गए हैं। 5 दिन बाद यहां के मतदाता अपना वोट देंगे। इससे पहले विधानसभा क्षेत्र में प्रचार प्रसार का दौर तेज हो गया है। एक और जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में ताबड़तोड़ जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। वहीं भाजपा भी अपने दिग्गज नेताओं को मैदान में उतार रही है।

बुधवार को खैरागढ़ के चुनावी माहौल में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल ने अपने बयानों से विवाद खड़ा कर दिया। केंद्रीय मंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को दिए जा रहे समर्थन मूल्य को लेकर कहा कि कांग्रेस सरकार छत्तीसगढ़ को दिवालिया कर रही है। केंद्रीय मंत्री के इस बयान पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है।

सीएम बघेल ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की यही सोच है वह कभी किसानों को मजबूत होते देख नहीं सकते। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है  कि भाजपा छत्तीसगढ़ में चलाई जा रही राजीव गांधी न्याय योजना का विरोध कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार इस योजना के माध्यम से किसानों को 9000 रुपए की इनपुट सब्सिडी दे रही है। यहां मजदूरों को जो पैसा मिल रहा है भाजपा उसका भी विरोध कर रही है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र से मिलने वाले राशि के दुरुपयोग वाले बयान पर भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के लिए केंद्र सरकार राशि जारी करती है वह अतिरिक्त राशि नहीं देती। वहीं केंद्रीय करों में राज्य सरकार का हिस्सा भी नहीं दिया जा रहा। केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ सरकार के बकाया 4100 करोड रुपए नहीं दे रही है।

केंद्र सरकार लगातार छत्तीसगढ़ का विकास रोकने का प्रयास कर रही है। लेकिन यहां की आर्थिक नीतियां मजबूत हैं स्थानीय संसाधनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ मजबूत हो रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य है गांव को आर्थिक समृद्ध बनाना है जिससे पूरे प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सुधार होगा। छत्तीसगढ़ की योजनाओं को पूरे देश में सराहा जा रहा है और छत्तीसगढ़ मॉडल को अपनाया जा रहा है।