भिलाई। अप्रैल का आखिरी दिन छत्तीसगढ़ के लिए बेहद गर्म रहा। प्रदेश में शनिवार को गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शनिवार को छत्तीसगढ़ का पारा 46 डिग्री के पार चला गया है। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान महासमुंद जिले में दर्ज किया गया। यहां पारा 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान नापा गया है। यह इस सीजन का सर्वाधिक तापमान रहा। इससे पहले रायगढ़ जिले में पारा 46 के करीब पहुंचा था।

बता दें छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से भीषण गर्मी पढ़ रही है। यहां कई जिलों में हीटवेव का कहर है। इस पर लगातार तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 30 अप्रैल शनिवार को इस सीजन का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया है। महासमुंद जिले में 46.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 45. 4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया] जो कि शुक्रवार की अपेक्षा 3 डिग्री ज्यादा है।

दुर्ग, रायपुर व राजनांदगांव रहे सबसे गर्म
इसके अलावा दुर्ग, राजनांदगांव व रायपुर भी गर्म रहे। इन तीनों जिलों में तापमान 44 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। दुर्ग में 44.6 डिग्री, राजनांदगांव में 44.5 डिग्री व रायपुर में 44.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। इसके अलावा अंबिकापुर में 41.9 डिग्री, पेंड्रा रोड में 42.6 डिग्री तथा जगदलपुर में 38.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

इन जिलों में हीटवेव का खतरा
मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को रायपुर, बिलासपुर व दुर्ग संभाग में हीटवेव चली। दोपहर को यहां काफी गर्मी रही। इन संभागों के अधिकतर जिलों में शुक्रवार की अपेक्षा तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आने वाले 24 घंटों में हीटवेव के साथ छत्तीसगढ़ के दक्षिणी क्षेत्र में गरज चमक व हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने साथ ही आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।