राजनांदगांव। खैरागढ़ उपचुनाव के लिए मंगलवार यानी 12 अप्रैल को मतदान होना है। निर्वाचन आयोग ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार चुनाव में कुछ नया देखने को मिलेगा। भारी गर्मी को देखते हुए सभी मतदान केन्द्रों में मेडिकल टीम तैनात रहेगी। यही नहीं मतदाताओं के सहायता के लिए हर केन्द्र में एक एक सुविधा केन्द्र भी बनाए गए हैं। इसके साथ महिलाओं के लिए अलग से संगवारी मतदान केन्द्र मनाए गए हैं।

निर्वाचन आयोग द्वारा तय शेड्यूल के अनुसार 12 अप्रैल सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। जिला निर्वाचन आयोग ने खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 291 मतदान केंद्र बनाए हैं। चुंकि उपचुनाव भारी गर्मी में हो रहे हैं इसे देखते हुए सभी मतदान केन्द्रों में विशेष व्यवस्थाएं हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा सभी केन्द्रों में स्वच्छ पेयजल, व्हीलचेयर, शौचालय आद व्यवस्था सुनिश्चित की है। इसके अलावा छांव के लिए टेंट भी लगाए गए हैं।

स्वास्थ्य केन्द्रों को किया गया अलर्ट
उपचुनाव के मतदान के दौरान गर्मी को देखते हुए खैरागढ़, छुईखदान व गंडई के स्वास्थ्य केन्द्रों को इमरजेंसी मेडिकल सुविधा के लिए अलर्ट किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर यहां मतदाताओं के लिए मेडिकल किट के साथ कोविड संक्रमण से बचने मास्क, सैनिटाइजर व थर्मल स्कैनर की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलवा मोबाइल मेडिकल वैन भी तैनात किए गए हैं जो जरूरत पड़ने पर तत्कान संबंधित जगह पर पहुंचेंगे।

महिलाओं के लिए संगवारी मतदान केन्द्र
महिला मतदाताओं के लिए यहां विशेष रूप से संगवारी मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संगवारी मतदान केन्द्र केवल महिलाओं के लिए होंगे। यहां महिला मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी कर्मचारी भी महिलाएं ही होंगी। इसके अलावा आदर्श मतदान केन्द्र भी बनाए गए हैं। आदर्श मतदान केन्द्रों में जिला निर्वाचन आयोग द्वारा अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

महिला वोटर होंगे निर्णायक
खैरागढ़ उपचुनाव में महिला वोटर्स की भूमिका निर्णायक साबित होगी। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 11 हजार 516 मतदाता हैं। इनमें से 1 लाख 5 हजार 250 महिला मतदाता हैं और 1 लाख 6 हजार 266 पुरुष मतदाता हैं। यानी की महिला मतदाताओं की संख्या करीब-करीब आधी है। महिलाओं के वोट परसेंटेज से यहां के परिणाम भी तय होंगे।

बनाए गए 291 मतदान केन्द्र
मंगलवार को होने वाले मतदान के लिए 291 मतदान दलों को रवाना किया जा रहा है। यहां कुल 291 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें से 283 मतदान केन्द्र व 8 सहयोगी मतदान केन्द्र हैं। यहां 133 सामान्य मतदान केन्द्र हैं और 53 मतदान केन्द्रों क अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। 11 मतदान केन्द्र यहां संवेदनशील की श्रेणी में तथा 86 मतदान केन्द्र राजनैतिक संवेदनशील के रूप में चिह्नित किए गए हैं।