भिलाई। छत्तीसगढ़ में गर्मी का कहर बढ़ता ही जा रहा है। रोज तापमान में वृद्धि देखी जा रही है। इस बीच छत्तीसगढ़ का तापमान 45 डिग्री के पार चला गया है। बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक तापमान रायगढ़ में दर्ज किया गया, जहां 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। साथ ही मौसम विभाग ने हीटवेव तथा बारिश की भी चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के रायपुर बिलासपुर दुर्ग संभाग में लू की स्थिति रही है। आने वाले 48 घंटों में भी यही स्थिति बरकरार रहेगी। इस दौरान टेंपरेचर में और बढ़ोतरी की संभावना है। पिछले दो-तीन दिनों से तापमान में आंशिक परिवर्तन हो रहा है जो कि बढ़ते क्रम में है। अधिकतम तापमान की बात करें तो प्रदेश के बिलासपुर, सरगुजा, रायपुर व दुर्ग संभाग में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया। वहीं बस्तर संभाग में तापमान सामान्य रहा।

 

गर्मी का कहर

मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों में प्रदेश के दक्षिणी भाग में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं प्रदेश के उत्तरी भाग में मौसम शुष्क रहने की बात कही गई है। साथ ही प्रदेश के उत्तरी भाग में एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर यानी हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है।

ऐसा रहा प्रमुख शहरों का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री रहा। इसी प्रकार दुर्ग में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। बिलासपुर में 43.4 न्यूनतम 25.4 डिग्री, पेंड्रा रोड में अधिकतम 41.6 न्यूनतम 24.0 डिग्री, अंबिकापुर में अधिकतम 41.4 न्यूनतम 24.1 डिग्री, जगदलपुर में अधिकतम 37.7 न्यूनतम 25.4 डिग्री तथा राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 42.9 व न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।