रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकार द्वारा स्कूलों के समय में फेरबदल किया गया था। अब आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में भी बदलाव किया गया है। ताजा आदेश के मुताबिक आंगनबाड़ी के समय में 2 घंटे की कटौती की गई है। अब प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्र केवल 4 घंटों के लिए संचालित किए जाएंगे। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।

इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त सचिव पीएस गुरुद्वारा सभी जिला अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिया है। जारी आदेश के मुताबि आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन 6 घंटे की जगह 4 घंटे किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक संचालित होंगे। आंगनबाड़ियों में नया आदेश 1 अप्रैल से 30 जून तक लागू रहेगा। 1 जुलाई से आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन फिर से 6 घंटों के लिए किया जाएगा।

सरकार द्वारा जारी आदेश

बता दें अब तक प्रदेश में आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक किया जा रहा था। प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्र के समय बदलने के साथ ही अवधी को भी 2 घंटे कम कर दिया गया है। अब प्रदेश में सभी आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे।

मार्च में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में मार्च महीना बेहद गर्म रहा बीते 11 सालों का रिकॉर्ड टूटा है। मौसम विभाग ने आगे भी तेज गर्मी पड़ने का अनुमान जताया है। राजधानी रायपुर सहित दुर्ग भिलाई बिलासपुर राजनांदगांव आदि जिलों में तेज गर्मी पड़ रही है। जिसे देखते हुए बच्चों को राहत देने स्कूलों का समय पहले ही बदल दिया गया था। अब आंगनबाड़ी केंद्रों का समय बदला गया है।