बिलासपुर। जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। 9 दिन बाद पुलिस इस मामले में आरोपी तक पहुंची। आरोपी कोई और नहीं बल्कि उसके घर पर खाना बनाने व बकरी चराने वाला बुजुर्ग निकला। वारदात वाले दिन खाना बनाने को लेकर दोनों में विवाद हुआ था इसके बाद बुजर्ग ने टंगियां से ताबड़तोड़ वार कर अपने मालिक की हत्या कर फरार हो गया।

बता दें तखतपुर थाना क्षेत्र के साल्हेडबरी गांव निवासी हरदेव ध्रुव (48) का शव उसके घर पर 5 अप्रैल को मिला था। खून से लथपथ शव बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान पता चला कि हरदेव ने चाह माह पहले 60 सालू के एक बजुर्ग दुखी राम को अपने घर पर खाना बनाने व बकरी चराने के काम पर रखा था। घटना के बाद से वह घर पर नहीं मिला। पुलिस को उस पर शक हुआ और उसकी तलाश शुरू की गई।

पुलिस लगातार बुजुर्ग के संबंध में पतासाजी करती रही। सप्ताह भर की मेहनत के बाद पुलिस को बुजुर्ग दुखी राम के ठिकाने का पता चला। पुलिस को पता चला किया दुखीराम हत्या के बाद ग्राम लमेर में अपने भाई के दामाद के घर छिपकर रह रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद बुजुर्ग ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकर कर ली।

तखतपुर पुलिस ने बताया कि घटना 4 अप्रैल की है। दुखी राम शाम को बकरी चराकर आने के बाद थकान के कारण अपने मालिक से कह दिया कि वह खाना नहीं बना पाएगा। उसने अपने मालिक हरदेव को ही खाना बनाने को कहकर घूमने चला गया। रात 9 बजे बाद जब वह लौटा तो खाना नहीं बना था। इस बात को लेकर बुजुर्ग अपने मालिक से बहस करने लगा। विवाद बढ़ा तो पास में रखी टंगिया से उसपर वार कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टंगिया बरामद कर लिया है।