सीना, डेस्क। ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मुस्लिम लड़की से शादी करने पर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद की है। इस घटना में लड़की के परिजनों का हाथ होने की बात सामने आई है। वहीं मामले को लेकर राजनीति तेज हो गई है। इस घटना ने भाजपा को मुद्दा दे दिया है। भाजपा ने इसे लेकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार हत्या की वारदात बुधवार को रात करीब 9 बजे हैदराबाद के सरूरनगर तहसीलदार आफिस के पास हुई। मृतक की पहचान बिल्लापुरम निवासी नागराजू (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नागराजू ने करीब दो माह पहले सैयद सुल्ताना नाम की युवती से शादी की थी। दोनों कॉलेज के जमाने से दोस्त रहे इसलिए शादी कर ली। इस शादी से लड़की के परिवार वाले नाराज थे।

बुधवार रात को नागराजू घर जा रहा था तभी एक बाइक सवार वहां पहुंचा और उसके पेट व सीने में चाकू घोंपकर भाग गया। बाइक सवार ने नागराजू को इतनी निर्ममता से चाकू घोंपा कि उसकी तस्वीरें भी दिखाने लायक नहीं है। वहीं इस घटना के बाद नागराजू के परिजनों ने लड़की परिवार वालो पर हत्या का आरोप लगाया है। इधर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है सभी लड़की के परिवार वाले बताए जा रहे हैं।

भाजपा ने उठाए सवाल
इस घटना के बाद भाजपा ने राज्य सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट किया कि ‘अगर एक हिंदू पत्नी के मुस्लिम पति को लड़की के परिवार ने मार डाला होता तो हम जानते हैं कि अब क्या हो चुका होता! कांग्रेस, आप, टीएमसी और एसपी इस्लामोफोबिया का आरोप लगाते हुए संयुक्त राष्ट्र पहुंच गए होते, लेकिन क्योंकि हैदराबाद में हिंदू मारा गया है इसलिए क्या अपराध धर्मनिरपेक्ष है? इसलिए धर्मनिरपेक्ष लोग चुप हैं।

इघर तेलंगाना के भाजपा विधायक राजा सिंह ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आरिपियों की जल्द गिरफ्तारी हो और यह भी पता लगाया जाए कि क्या वाकई में युवक की हत्या में लड़की के परिवार वालों का हाथ है या किसी अन्य का। युवक की हत्या की व्यापक स्तर पर जांच होनी चाहिए।