बीजापुर। जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक CAF का जवान IED की चपेट में आ गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल जवान का नाम रामनाथ मौर्य है जो कि CAF की 8वीं वाहिनी में पदस्थ है। ब्लास्ट में जवान के दोनों पैरों के चीथड़े उड़ गए हैं। गंभीर अवस्था में जवान को पहले बीजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे रायपुर रेफर कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना जिले के बांगापाल थाना क्षेत्र की है। शनिवार की सुबह CAF के जवान नेलसनार के हेमलापारा की तरफ एरिया डॉमिनेशन पर निकले थे। नक्सलियों ने इंद्रावती नदी के किनारे IED प्लांट कर रखा था। नक्सलियों का इरादा जवानों को नुकसान पहुंचाने का था इस लिए यहां पर आईईडी प्लांट किया हुआ था। रुटीन गश्त के दौरान जब जवान इंद्रावती नदी के किनारे पहुंचे तब आरक्षक रामनाथ मौर्य का पैर IED के ऊपर पड़ गया।

तेज धमाके के साथ जवान उछलकर गिरा
आईईडी पर पैर पड़ते ही तेज धमाके के साथ जवान उछल कर एक ओर गिर गया। इससे उसके दोनों पैरों के चिथड़े उड़ गए। साथी जवान फौरन रामनाथ को लेकर नेलसनार अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद जवान को रायपुर रेफर कर दिया गया है। जवान की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। वहीं घटना के बाद आसपास जवानों ने सर्चिंग तेज कर दी है। अंदेशा है आसपास और भी आईईडी प्लांट होंगे जिसकी तलाश की जा रही है।