भिलाई। चोरी के आरोप में दुर्ग पुलिस के हत्थे चढ़े एक अपचारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। अपचारी बिलासपुर का रहने वाला था और करीब पांच महीने पहले वो बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हो गया था। बिलासपुर के अरपा नदी में उसकी लाश मिली है। इसकी सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू की गई है।

मृतक की पहचान चिंगराजपारा के राजीव नगर निवासी राहुल साहू के रूप में हुई है। छह महीने पहले दुर्ग पुलिस ने उसे चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। नाबालिग होने के कारण उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। जहां से पांच महीने पहले वो और कुछ अन्य किशोर भाग गए थे। बाल संप्रेक्षण गृह से भागने के बाद राहुल बिलासपुर तो गया था। लेकिन, वो अपने घर नहीं गया। परिवार वालों से उसकी कभी भी मुलाकात नहीं हुई।

सोमवार को कुछ लोगों ने अरपा नदी में चिंगराजपारा से शनिचरी रपटा रोड के बीच में उसकी लाश देखी। उसके गले तो किसी धारदार हथियार से रेता गया है। अभी तक घटना का कारण और मारने वालों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। मृतक का पिता रामप्रसाद साहू मजदूरी का काम करता है। वहीं पूछताछ में उसकी मां ने जानकारी दी है कि जब राहुल बाल संप्रेक्षण गृह में था। तब उससे फोन पर बात होती थी। लेकिन, वो वहां से भाग गया था और उसके बाद उससे कभी भी बात नहीं हुई।

बाल संप्रेक्षण गृह से भागने के बाद वो घर नहीं गया और न ही परिवार वालों से संपर्क किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया है और हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए सभी एंगल पर जांच शुरू कर दी है।