जगदलपुर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व छत्तीसगढ़ युवा आयोग के सदस्य अजय सिंह पर प्रदेश कांग्रेस ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्हें 6 सालों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। उनपर यह कार्रवाई पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर की गई है। इनके निष्कासन से सबंधित आदेश में कहा गया है कि वे लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे हैं जिसके कारण उन्हें निष्कासित किया जाता है।

कांग्रेस नेता अजय सिंह को बस्तर क्षेत्र का बड़ा नाम माना जाता है। उनकी सक्रियता को देखकर ही उन्हें छत्तीसगढ़ युवा आयोग का सदस्य बनाया गया था। लेकिन इन पर निष्कासन की कार्रवाई कर दी गई है।  कांग्रेस संगठन के प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला ने इनका निष्कासन संबंधी आदेश जारी किया है जिसमें कहा गया है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम के निर्देशानुसार अजय सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निलंबित किया जाता है।

बताया जाता है कि युवा आयोग के सदस्य व कांग्रेसी नेता अजय सिंह द्वारा बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी पर लगातार भ्रष्टाचार का आरोप लगाए जा रहे थे। इसे लेकर उनके खिलाफ पार्टी नाराज चल रही थी। इससे पहले उन्हें नोटिस भी जारी किया गया था। 7 दिनों के भीतर उनसे जवाब मांगा गया था लेकिन उनकी ओर से किसी प्रकार का स्पष्टीकरण या जवाब नहीं आया। अजय सिंह की इन्ही लापरवाही के कारण आज उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।

इधर निष्कासन के बाद भी अजय सिंह का भी बयान आया है। उन्होंने कहा है कि उन्होंने नोटिस का जवाब दिया और आलाकमान से मिलकर अपनी बात भी रखी थी। उन्होंने संगठन पर आरोप लगाया कि उनपर यह कार्रवाई विधायक के दबाव में आकर की गई है। उन्होंने कहा है कि इसके खिलाफ पार्टी के शीर्ष नेताओं के समक्ष अपनी बात रखेंगे।

कांग्रेस के संगठन मंत्री ने जारी किया आदेश