राजनांदगांव। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर के गढ़चिरौली में मंगलवार की सुबह जवानों व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। आधे घंटे चली इस मुठभेड़ में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल की ओर भाग गए। वहीं इस मुठभेड़ में एक जवान घायल हो गया है। घायल जवान को मुठभेड़ स्थल से निकाल एयरलिफ्ट कर नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना गढ्चिरौली के धोड़राज थाना क्षेत्र का है। आज सुबह मुखबिर की सूचना पर जवान वहां पहुंचे थे। मुखबिर ने सूचना दी कि भाटपार- इरपाणार के जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर जवान सर्चिंग के लिए निकले थे। जवानों के जंगल में पहुंचते ही पहले से घात लगाए नक्सलियों ने पुलिस जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी।

नक्सलियों की फायरिंग के बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला। करीब आधे घंटे तक यहां पर फायरिंग होती रही। इसके बाद फायरिंग रुक गई। फायरिंग रुकने के बाद यहां जवानों ने सर्चिंग शुरू कर दी है। वहीं इस मुठभेड़ में एक जवान को भी गोली लगी है। घायल जवान को साथी जवानों ने मुठभेड़ स्थल से बाहर निकाला। फिर एयरलिफ्ट कर से नागपुर के अस्पताल ले जाया गया है।

बताया जा रहा है कि नागपुर में जवान का इलाज शुरू कर दिया गया और उसकी हालत ठीक है। इधर पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है। मुठभेड़ के बाद आसपास के जंगलो में पुलिस नक्सलियों की तलाश कर रही है। गढ़चिरौली एसपी ने इस घटना की पुष्टि की है।