नई दिल्ली। बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी से उठा ‘असनी’ चक्रवात अगले 24 घंटों में ओडिशा तट पर पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड, बिहार, बंगाल, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों के साथ-साथ ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भी चक्रवात का असर बना रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना है। मछुआरों को समुद्र तट से दूर रहने का अलर्ट जारी किया गया है।

इसका असर भी मौसम में देखने को मिल रहा है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को सूरज की तपिश से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विज्ञानियों का मानना ​​है कि यह चक्रवात ओडिशा में जमीन से नहीं टकराएगा। हालांकि, चक्रवात के प्रभाव की आशंका को देखते हुए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

तटीय ओडिशा में 10, 11 और 12 मई को तेज हवा के साथ भारी बारिश की संभावना जाहिर की गई है। इसे देखते हुए सभी बंदरगाहों पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। साथ ही मछुआरों को 9 से 11 मई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार चक्रवात के प्रभाव से ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में नौ मई से समुद्र अशांत रहेगा। वहीं, 10 मई की शाम को हल्की बारिश होगी। हालांकि, इस दौरान ओडिशा के गजपति, गंजम और पुरी जिलों में भारी बारिश की संभावना है।

11 मई को गंजम, खुर्दा, पुरी, जगतसिंहपुर और कटक जिलों में भारी बारिश होगी। इसी तरह 12 मई को पुरी, जगतसिंहपुर, कटक, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालेश्वर जिलों में भारी बारिश होगी। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।