सीआईएनए डेस्क। नूपुर शर्मा की गिरफ़्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद देश भर में हुए प्रदर्शन में मौत की भी खबर आ रही हैं। रांची में शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से जख्मी दो लोगों की आज शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।

झारखंड की राजधानी रांची में नूपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद को लेकर की गई कथित टिप्पणी के बाद शुक्रवार को लोग सड़कों पर उतर आए थे। रांची के मेन रोड इलाके में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जमकर नारेबाजी की थी और नूपुर शर्मा का पुतला भी जलाया था। देखते ही देखते प्रदर्शन कर रही भीड़ हिंसक हो गई थी। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग करनी पड़ी थी। इसके बाद भी भीड़ लगातार पत्थरबाजी करती रही थी। इस पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

इस हिंसा में कई प्रदर्शनकारी भी जख्मी हुए थे। घायलों को इलाज के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में ले जाया गया। इनमें से दो लोगों की आज शनिवार को मौत गई है। बताया जा रहा है कि फायरिंग में गोली लगने पर गंभीर हालात में इनको अस्पताल लाया गया था। जबकि आठ घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के पूरे मेन रोड इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्रदर्शन के हिंसक होते ही प्रशासन ने पहले ही रांची शहर में कर्फ्यू लगा दिया था। फिलहाल स्थिति शांत मगर तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन लोगों से घरों के बाहर न निकलने की अपील कर रहा है। शहर में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर धारा-144 लागू कर दी गई है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हिंसा पर लोगों से अपील की है कि वो ऐसी किसी भी गतिविधि में भाग लेने से परहेज करेंए जिससे किसी भी तरह की सामाजिक हानि या अपराध हो।