सीआईएनए डेस्क। शुक्रवार को नमाज के बाद देश भर में सोची-समझी रणनीति के तहत बवाल किया गया। आगजनी और पत्थरबाजी में जहां पब्लिक प्रॉपर्टी को नुकसान हुआ, वहीं कई जगह पुलिस के बड़े अधिकारी घायल हो गए। टीवी रिपोर्टस के अनुसार रांची में कफ्यू लगा दिया गया है, जबकि यूपी में पत्थरबाजों की धरपकड़ के लिए पुलिस सक्रिय हो गई है। कई लोगों की गिरफ्तारी की भी खबरें हैं। समाचार लिखे जाने तक कई शहरों में रह-रहकर पत्थरबाजी जारी थी।

पैगंबर मोहम्मद को लेकर भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा के बयान के खिलाफ देशभर में हिंसा की गई। इस हिंसा का विस्तार शुक्रवार को पूरे देश में देखा गया। जुमे की नमाज के बाद पहले नारेबाजी, फिर पथराव किया गया। कहीं-कहीं आगजनी भी की गई। हवाई फायरिंग की भी सूचना आ रही है। पथराव में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी घायल हुए हैं।

दिल्ली, कोलकाता, तेलंगाना, हैदराबाद और हावड़ा के साथ ही उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, लखनऊ, प्रयागराज, मुरादाबाद सहित कई शहरों में भी प्रदर्शन हुआ। प्रयागराज के अटाला में नमाज के बाद पहले जमकर नारेबाजी और हंगामा हुआ। जब पुलिस ने भीड़ को रोकने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों  ने पथराव शुरू कर दिया।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पथराव के बाद का द‌ृश्य।

उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद भी जब उपद्रवी शांत नहीं हुए तो पुलिस की तरफ से आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। कई जगह तो पुलिस को हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। मौके पे मौजूद आईजी राकेश सिंह भी पथऱाव में घायल हो गए साथ ही कई पुलिस वाले जख्मी हुए हैं।

प्रयागराज में जुमे की नमाज से पहले चौक जामा मस्जिद के बाहर डीएम संजय कुमार खत्री और एसएसपी अजय कुमार पहुंचकर लोगों से शांति की अपील कर रहे थे। लेकिन अटाला चौराहा और आसपास की गलियों में मौजूद अराजकतत्वों ने नाबालिग लड़कों को आगे करके उपद्रव  शुरू कर दिया। लड़कों ने गलियों से छुपकर पुलिस टीम पर पथराव किया। इसमें आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी जख्मी हो गए।

कुछ जगहों पर उपद्रवी अभी भी नारेबाजी और पथराव के साथ आगजनी भी कर रहे है। उपद्रवियों को आगजनी करने से रोकने के लिए पुलिस हवाई फायरिंग भी कर रही है। पुलिस फोर्स के साथ मौजूद डीएम, एसएसपी और मीडियाकर्मियों को भी पत्थर लगे हैं। लगातार पत्थरबाजी में कई आरपीएफ जवान भी घायल हुए हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पत्थरबाजी बंद नहीं करने पर सख्त कार्यवाही की चेतावनी दी है। आरपीएफ के जवानों ने उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए गलियों में खदेड़ दिया फिर भी रुक-रुककर पत्थरबाजी होती रही।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में नमाज के बाद प्रदर्शन करते मुस्लिम समाज के लोग।

हिंसा के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सहारानपुर से 36 और प्रयागराज से 4 लोगों को हिरासत में लिया है। हिंसा में शामिल अन्य लोगों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। यूपी में पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

देश की राजधानी दिल्ली स्थित जामा मस्जिद, कर्नाटक के कलबुर्गी स्थित मुस्लिम चौक, तेलंगाना की मक्का मस्जिद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। मामला बिगड़ता देख जामा मस्जिद के शाही इमाम ने कहा की ऐसे किसी विरोध प्रदर्शन का एलान नहीं किया गया था।

रांची में कफ्यू, एसएसपी घायल
यूपी में शुरू हुआ बवाल धीरे-धीरे दूसरे राज्यों में भी बढ़ने लगा। झारखंड की राजधानी रांची में हुए पथराव में एसएसपी घायल हो गए। नमाज पढ़कर लौट रहे लोगों ने इतना पथराव किया कि पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। हालात को काबू करने के लिए रांची में कर्फ्यू लगाने की सूचना आ रही है।

जम्मू में भी पत्थरबाजी, संभल में तीन दिन का अलर्ट
देर शाम जम्मू के भद्रवाह में भी पुलिस पर पथराव किया गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के संभल जिले में तीन दिन का एलर्ट जारी किया गया है।

By manas