भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र में शुक्रवार तड़के फिर एक हादसा हो गया। यहां SMS-2 के कनवर्ट 3 में ब्लास्ट होने से एक बीएसपी कर्मी व दो ठेका कर्मी झुलस गए हैं। झुलसे कर्मियों को पहले मेन मेडिकल ले जाया गया उसके बाद तीनों को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि यह कर्मी 20 से 25 फीसदी तक झुलस गए हैं।

बता दें दो दिन पहले ब्लास्ट फर्नेस 7 में भी इसी प्रकार का एक हादसा हुआ थ। इस हादसे में पुरैना निवासी राहुल उपाध्याय की झुलसने के कारण मौता हो गई थी। इसे लेकर बीएसपी संयंत्र प्रबंधन की काफी खिरकिरी हुई। प्रबंधन ने इस हादसे के जिम्मेदारी डीजीएम को भी सस्पेंड किया और मृतक के आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति की भी घोषणा की। अभी यह मसला सुलझा नहीं कि शुक्रवार तड़के एक और  हादसा हो गया।

हादसे के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शुक्रवार दरमियानी रात 2.45 बजे संयंत्र के SMS-2 में काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि यहां कनवर्ट – 3 में पिघले लोहे को शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान वहां अचानक ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट से पिघले लोहे के छींटे काफी दूर तक उड़े। इन्हीं छींटों के चपेट में वहां काम कर रहे मानसिंह ठाकुर (58) और ठेका कर्मचारी गिरि कुमार और भूषण लाल आ गए। लोहे के छींटे इनके ऊपर गिरे, जिससे वो बुरी तरह से झुलस गए।

इसके बाद इन तीनों को तत्काल प्लांट के अंदर मेन मेडिकल पोस्ट पहुंचाया गया। यहां पर प्रारंभिक उपचार किया गया उसके बाद तीनों को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगभग 20 से 25 फीसदी झुलसे इन कर्मचारियों का इलाज बर्न वार्ड में चल रहा है। बताया जा रहा है कि तीनों की हालत खतरे से बाहर है। इधर लगातार हो रहे हादसों ने बीएसपी प्रबंधन को सकते में ला दिया है। बीएसपी प्रबंधन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं वहीं यूनियन के नेता भी सक्रिय हो गए हैं।