सीआईएनए, उज्जैन। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी 12 जून से सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। दो जून को कोरोना से संक्रमित पाए जाने के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। ऐसे में उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए उनकी बेटी प्रियंका गांधी के कहने पर विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में महामृत्युंजय अनुष्ठान चल रहा है।

पांच पंडितों द्वारा प्रतिदिन किया जा रहा यह अनुष्ठान 11 दिनों तक चलेगा। महाकाल मंदिर के गर्भगृह में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल ने मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रवि शुक्ला, रघु परमार समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ पूजा-अर्चना कर इस रस्म की शुरुआत की। अगले 11 दिनों तक पांच पंडितों द्वारा प्रतिदिन महामृत्युंजय जाप किया जाएगा। माना जा रहा है कि अनुष्ठान के पूरा होने पर प्रियंका गांधी पूर्णाहुति डालने के लिए उज्जैन पहुंच सकती हैं।

कांग्रेस नेता रवि शुक्ला ने कहा कि प्रियंका गांधी का संदेश पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के कोरोना से संक्रमित होने के बाद आया था, जिसमें उन्होंने महाकाल मंदिर में महामृत्युंजय का जाप करने की इच्छा व्यक्त की थी। शनिवार से इसकी शुरुआत कर दी गई है। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी श्वास नली में संक्रमण है।

यह अनुष्ठान 11 दिनों तक चलेगा और अंतिम दिन प्रियंका गांधी इस अनुष्ठान के लिए महाकालेश्वर मंदिर पहुंच सकती हैं। बताते चलें कि इससे पहले भी कई बार महाकाल मंदिर में विशेष व वीआईपी लोगों के स्वास्थ्य के लिए महामृत्युंजय मंत्र सहित अन्य पूजा अर्चना की जा चुकी है।