सीआईएनए, दिल्ली। शादी के लिए दबाव बनाने पर एक व्यक्ति ने महिला की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी। मामले में वसंतकुंज थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के आरोपित से अवैध संबंध थे। हत्या करने से पहले आरोपी ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। आरोपी की पहचान हरिजन बस्ती गांव मसूदपुर के रहने वाले 38 साल के संजय उर्फ ​​पप्पू के रूप में की है। 

बुलंदशहर यूपी के रहने वाले संजय ने पूछताछ में बताया कि उसने करीब 11 साल पहले अपनी पत्नी की भी हत्या की थी। उस मामले में करीब आठ साल से जेल में बंद था। दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी मनोज ने बताया कि महिला का शव 24 मई को वसंतकुंज (दक्षिण) थाना क्षेत्र के चर्च रोड स्थित एक खाली प्लॉट में मिला था। वसंतकुंज एसीपी की निगरानी में कई टीमों ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पहले तो महिला की पहचान के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। 

पुलिस को मौके से एक बैग भी मिला है। वह महरौली की एक दुकान का था। पुलिस ने वहां जाकर बड़ी संख्या में दर्जी से बात की। आखिरकार महिला की पहचान वार्ड नंबर-3 महरौली निवासी के रूप में हुई, जो 22 मई से लापता थी। पुलिस ने उसके पति और बच्चों से पूछताछ की। यहां से पता चला कि महिला शांतिकुंज चर्च रोड स्थित एक घर में डोमेस्टिक हेल्पर का काम करती थी। मोबाइल सर्विलांस से पता चला कि घटना वाले दिन एक व्यक्ति महिला के साथ था। इसके बाद वसंत कुंज पुलिस ने संजय को 16 जून को गिरफ्तार कर लिया। 

हत्या से पहले भी बनाए थे संबंध

संजय ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसका महिला से संबंध था। कुछ समय बाद महिला ने उस पर शादी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। उसने महिला से बचने के लिए उसकी हत्या करने की साजिश रची। घटना वाले दिन उसने शराब पी और महिला को साइकिल पर एक जगह ले गया। वहां उसने पहले महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और फिर महिला के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी।