रायपुर। प्रदेश में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में  कोरोना के 700 नए मरीज मिले हैं। इसमें सबसे अधिक मरीज रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव में मिल रहे हैं। इस दौरान एक ही दिन में कोरोना से सात लोगों की मौत हुई है। इनमें से 4 मरीज रायपुर, 2 दुर्ग और 1 बेमेतरा से थे। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सभी मरीज कोरोना के साथ अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। जिनका इलाज अस्पतालों में चल रहा था। पिछले 24 घंटे में राज्य में 14851 लोगों की जांच हुई। संक्रमण दर 4.71 प्रतिशत दर्ज किया गया। राजधानी में कोरोना की वजह से 4 लोगों की मौत हुई। इनमें से तीन मरीज अंबेडकर में भर्ती थे।
जानकारी के मुताबिक इनमें एक मरीज 65 साल की महिला थी। जिसे लकवा और डायबिटीज था। इस तरह टीबी की बीमारी से ग्रस्त एक 35 साल के कोविड मरीज की मौत हुई। इसी तरह कोरोना की वजह से मृत हुई 30 से 35 साल की महिला भी गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। वहीं मृतकों में एक 28 साल की एक महिला भी थी, जिसका गंभीर बीमारी के कारण निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। जानकारी के मुताबिक सरकारी अस्पताल अंबेडकर के आईसीयू में अभी 7 कोरोना मरीज भर्ती हैं। ज्यादातर को गंभीर बीमारियां हैं। वहीं सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है। रायपुर में आज 102 कोरेाना मरीज मिले। दुर्ग में कोरोना के नए मरीजों की संख्या 101 रही। राजनांदगांव, कोरबा में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ी है। आज कोरोना के 700 नए मरीज मिलने के बाद अब राज्य में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 3596 हो गई है।
कोरोना क्रिटिकल केयर कमेटी के सदस्य डॉ.ओपी सुंदरानी के अनुसार  कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मृत्यु का आंकड़ा बढ़ रहा है। ऐसे में गंभीर बीमारी वालों को बहुत अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। आम लोग भी सतर्क रहे। कोरोना के लिहाज से अगले दो सप्ताह काफी अहम है। मास्क पहने। जरा भी लक्षण आने पर सबसे पहले जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह से ही दवाई लें। इससे खतरा कम होगा।